भोपाल। सरकार ने गुरुवार को देर रात करीब ढाई बजे 37 वरिष्ठ आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। इसके बाद दोपहर भी कुछ तबादलों में फेरबदल तथा कुछ के तबादले किए गए। तबादलों का दौर दिन भर जारी रहा। सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक के साथ ही गृह, नगरीय विकास विभाग व आबकारी विभाग में बड़ी संख्या में अफसरों को इधर से उधर कर दिया। राज्य सरकार ने कुछ दिन पहले ही प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला को राजभवन में प्रमुख सचिव बनाकर भेजा था,किंतु शुक्रवार को कुछ ही दिनों में उनकी मंत्रालय में वापसी कर दी गई। उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।
इसके साथ ही साथ उनके पास मप्र शासन योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। जबकि मुकेश चंद्र गुप्ता को राज्यपाल का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अभी वे योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग में पदस्थ थे। अभी दो दिन पहले ही सुदाम खाड़े को हटाकर ग्वालियर चंबल संभाग का आयुक्त बनाया गया था। उन्होंने रिलीव होकर ज्वॉइनिंग दे दी थी। अब सरकार ने इस विभाग में नई पदस्थापना कर दी। विवेक कुमार पोरवाल को स्वास्थ्य विभाग में प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही वे आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं भोपाल तथ वे खाद्य सुरक्षा भोपाल का प्रभार भी देखेंगे। यह प्रभार उनके पास अतिरिक्त रहेगा। डॉ. नवनीत कोठारी को सचिव एमएसएमई तथा आयुक्त उद्योग एवं प्रबंध संचालक लघु उद्योग निगम बनाया गया है। इसके साथ ही साथ मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
पी नरहरि को पीएचईकाे सचिव बनाया गया: राज्य शासन ने काफी लंबे समय से एमएसएमई विभाग में पदस्थ रहे पी. नरहरि को हटाकर उन्हें पीएचई का सचिव बनाया गया है। जबकि धनंजय सिंह भदौरिया को एमडी कृषि विपणन बोर्ड सह आयुक्त के पद पर पदस्थ किया था, किंतु कुछ ही घंटों में उनके आदेश में संशोधन कर दिया गया। भदौरिया ने मंडी बोर्ड पहुंचकर चार्ज भी संभाल लिया था। किंतु सरकार ने एक अन्य आदेश में उन्हें हटा दिया उनकी नई पदस्थापना दी जाएगी।
अनुभा श्रीवास्तव को प्रमुख राजस्व आयुक्त बनाया: राज्य सरकार ने बिकअ सह आयुक्त लोक शिक्षण के पद से अनुभा श्रीवास्तव को हटाकर प्रमुख राजस्व आयुक्त बनाया गया है। उन्हें अपर सचिव राजस्व विभाग तथा आयुक्त भू अभिलेख एवं बंदोबस्त ग्वालियर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। शशि भूषण सिंह को संचालक उद्यान की एवं खाद्य प्रसंस्करण भोपाल बनाया गया है। जबकि सत्येंद्र सिंह को गुना का कलेक्टर बनाया गया है। छोटे सिंह को सचिव राजस्व मंडल ग्वालियर भेजा गया है। अक्षय कुमार सिंह को अपर सचिव सामान्य प्रशासन विभाग, सुरेश कुमार को कलेक्टर पन्ना बनाया गया है। हरजिंदर सिंह को अपर सचिव पशुपालन व डेयरी विभाग, संजय कुमार को अपर सचिव राजस्व विभाग में पदस्थ किया गया है।
बीएस जामोद शहडोल संभाग के संभागायुक्त
राज्य शासन ने बीएस जामोद को शहडोल संभाग का कमिश्नर बनाया है। जबकि माल सिंह भयड़िया को मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का एमडी बनाया गया है। इसी तरह श्रीमन शुक्ला को योजना आर्थिक संख्या की विभाग में सचिव बनाया गया है। उन्हें राज्य योजना आयोग का सदस्य सचिव भी पदस्थ किया गया है। आईएएस शिल्पा गुप्ता को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें लोक शिक्षण मध्यप्रदेश का आयुक्त तथा पदेन सचिव मप्र शासन स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थ किया गया है। वंदना वैद्य को शहडोल से हटाकर अपर आयुक्त आदिवासी विकास तथा एमडी अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम भोपाल बनाया गया है। उनके पास आदिम जाति क्षेत्रीय विकास योजनाएं तथा एचडी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का प्रभाव भी रहेगा। उन्हें संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण परिषद का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।