भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के विदेश दौरे से पहले प्रशासनिक सर्जरी का बड़ा अपडेट सामने आया है। देर रात एक बड़े प्रशासनिक बदलाव के तहत 42 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। इन तबादलों में मुख्यमंत्री के सचिव भरत यादव और अविनाश लवानिया जैसे प्रमुख अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। सामान्य प्रशासन विभाग से सोमवार रात जारी आदेश के अनुसार 12 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं।
मुख्यमंत्री के सचिव 2008 बैच के आईएएस अधिकारी भरत यादव, जो पहले मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव और नगरीय प्रशासन विभाग के कमिश्नर थे, अब एमपीआरडीसी भोपाल के प्रबंध संचालक बनाए गए हैं। वहीं, एक अन्य सचिव अविनाश लवानिया को बिजली कंपनी जबलपुर का प्रबंध संचालक नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री सचिव के रूप में सिबी चक्रवर्ती की नियुक्ति की गई है।
इसके अलावा अन्य प्रमुख पदों पर बदलाव इस प्रकार हुए हैं:
सिबी चक्रवर्ती को सचिव मुख्यमंत्री तथा आयोग नगरी प्रशासन एवं विकास (अतिरिक्त प्रभार) नियुक्त किया गया।
प्रीति मैथिल को आयुक्त सहसंचालक उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा सचिव मध्यप्रदेश शासन उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण बनाया गया।
वंदना विद्या को संचालक उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा सचिव मध्यप्रदेश शासन उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण नियुक्त किया गया।
सत्येंद्र सिंह को प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड तथा सचिव मध्यप्रदेश पशुपालन एवं डेयरी विभाग नियुक्त किया गया।
साथ ही, मनीष सिंह को सचिव मध्यप्रदेश शासन जेल विभाग, परिवहन विभाग का प्रबंध संचालक और राज्य सड़क परिवहन निगम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया। अन्य अधिकारियों के तबादलों में कर्मवीर शर्मा को आयुक्त सह संचालक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, भास्कर लक्ष्यकार को सहयोग कोष एवं लेखा मध्यप्रदेश का जिम्मा सौंपा गया।
जिलों के कलेक्टरों में भी कई बदलाव किए गए हैं:
रायसेन के जिलाधिकारी अरविंद कुमार दुबे को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया।
नेहा मारव्या सिंह को डिंडोरी का जिलाधिकारी, विवेक श्रोत्रिय को टीकमगढ़ का जिलाधिकारी, सतीश कुमार एस को सतना का जिलाधिकारी, किशोर कुमार कन्याल को गुना का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया।
अरुण कुमार विश्वकर्मा को रायसेन, ऋषव गुप्ता को खंडवा, भव्या मित्तल को खरगोन, हर्ष सिंह को बुरहानपुर, रितु राज को देवास, अर्पित वर्मा को श्योपुर और गुंचा सनोबर को बड़वानी का जिलाधिकारी बनाया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से पहले किया गया है, जो राज्य में प्रशासनिक कार्यों में नई दिशा देने की कोशिश का संकेत है।