खरोरा: छत्तीसगढ़ के खरोरा में अवैध शराब बिक्री और नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रभाव के खिलाफ नगर पंचायत के नेतृत्व में सशक्त जनआंदोलन देखने को मिला। नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता अनिल सोनी के नेतृत्व में महिलाओं, बच्चों और जनप्रतिनिधियों ने नगर में विशाल रैली निकालकर अवैध शराब बेचने वालों को कड़ा संदेश दिया।
अवैध बिक्री से बिगड़ रहा नगर का माहौल
रैली के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री से नगर का सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है। असामाजिक तत्व खुलेआम शराब का सेवन कर रहे हैं, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अवैध शराब की बिक्री बंद नहीं हुई, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे के कारण बढ़ रहे झगड़े और अशांति
नशा मुक्ति अभियान के प्रदेश संयोजक वेदराम मनहरे ने कहा कि अवैध शराब की वजह से नशे की हालत में आए दिन झगड़े, गाली-गलौज और असामाजिक गतिविधियां बढ़ गई हैं। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। आम सहमति के बाद नगर पंचायत और पार्षदों के आह्वान पर यह अभियान शुरू किया गया है।
“शराब युवा पीढ़ी को खोखला कर रही”
रैली में शामिल योग आयोग छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष रूपनारायण सिंह ने कहा कि शराब वर्तमान पीढ़ी को खोखला कर रही है। इसका सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है, वहीं महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इसे नगर के लिए सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल बताया।
महिलाओं की बड़ी भागीदारी, प्रशासन को चेतावनी
अवैध शराब बिक्री के खिलाफ इस अभियान में बड़ी संख्या में नगर की महिलाएं शामिल हुईं। वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से महिलाओं को संगठित कर रैली में भाग लिया। नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पत्रकारों की मौजूदगी में यह संदेश दिया गया कि खरोरा में अब अवैध शराब की बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।