बिलासपुर में एक बार फिर आयकर विभाग ने बड़ी छापामार कार्रवाई की है। सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित नर्मदा कोल ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री पर तड़के आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी। यह यूनिट कोका-कोला ब्रांड के पेय पदार्थों के निर्माण से जुड़ी है।
टैक्स चोरी और आय से अधिक संपत्ति की जांच
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई टैक्स चोरी और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े अहम इनपुट के आधार पर की गई है। आयकर अधिकारियों ने फैक्ट्री में मौजूद लेखा-जोखा, निवेश और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों से पूछताछ भी जारी है।
कई राज्यों में एकसाथ छापेमारी
यह कार्रवाई केवल बिलासपुर तक सीमित नहीं है। जानकारी के मुताबिक कंपनी से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों पर भी आयकर विभाग की टीमें सक्रिय हैं।
इनमें शामिल हैं—
रायपुर डिपो
उदयपुर बेवरेज, जबलपुर
सुपीरियर ड्रिंक्स, नागपुर
इन सभी स्थानों पर भी आयकर विभाग द्वारा जांच की जा रही है।
दिल्ली में मुख्यालय, स्थानीय यूनिट पर फोकस
नर्मदा कोल ड्रिंक्स प्राइवेट लिमिटेड का हेड ऑफिस दिल्ली में बताया जा रहा है। कंपनी के मालिक प्रदीप अग्रवाल हैं, जबकि बिलासपुर स्थित फैक्ट्री का संचालन नवनीत अग्रवाल के जिम्मे है। आयकर विभाग आय और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की गहन पड़ताल कर रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। फिलहाल आयकर विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और जांच प्रक्रिया जारी है।