मोहम्मद हसन// रायपुर: राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में खराब सड़कों और धीमी मरम्मत कार्य को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क निर्माण की रफ्तार बेहद सुस्त है, जिससे आम नागरिकों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य शुरू हुए लगभग एक साल हो चुका है, लेकिन अब तक महज 20 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। बरसात के मौसम में गड्ढों से भरी सड़कों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को जोखिम उठाना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कन्हैया अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री, ने किया। उन्होंने सड़क किनारे एक दिवसीय उपवास रखकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और मांग की कि भाठागांव इलाके की सड़क का निर्माण कार्य अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समयसीमा में काम शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।