Morning Breaking: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विदेश दौरे का आज 8वाँ दिन है। प्रदेश में आज भगवान बलराम जयंती को किसान दिवस की तरह मनाया जाएगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर दौरे पर रहेंगे।
दक्षिण कोरिया में सीएम साय का अंतिम दिन :
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विदेश दौरे का आज 8वाँ दिन है। दक्षिण कोरिया में मुख्यमंत्री साय अंतिम दिन बिताएंगे। बता दें कि, वह आज भी सियोल में आयोजित गोलमेज बैठक में हिस्सा लेंगे। जहां पर निवेश, कौशल विकास और तकनीक स्थानांतरण पर चर्चा होगी। इसके साथ ही खाद्य प्रसंस्करण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल,स्टील और नवीनीकरण ऊर्जा में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान कल इंटरनेशन ट्रेड एसोसिएशन के अधिकारियों से मुलाकात की थी।
राज्य स्तरीय कृषक सम्मेलन का आयोजन:
प्रदेश में आज भगवान बलराम जयंती को किसान दिवस की तरह मनाया जाएगा। इस कड़ी में आज राज्य स्तरीय कृषक सम्मेलन का आयोजन होगा। ये कार्यक्रम 12 बजे कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में किया जाएगा। जहां पर प्राकृतिक खेती, गौ कृषि वाणिज्यम एवं तिलहन उत्पादन पर चर्चा होगी।कृषि मंत्री रामविचार नेताम भी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा वन मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत भी शामिल होंगे। और सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ अन्य प्रबुद्धजन भी शिरकत करेंगे।
बस्तर दौरे पर पीसीसी चीफ बैज:
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज आज बस्तर में बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात करेंगे। बिहार दौरा को रद्द कर दीपक बैज आज बस्तर दौरे पर है। दरअसल अधिक बारिश होने से बस्तर में बाढ़ की स्थिति बन गई है। यहां कई दुरस्त अंचलों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है।
दिल्ली में बीजेपी अभियान को लेकर बैठक:
छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक BJP सेवा पखवाड़ा अभियान चलाएगी। दूसरी और BJP केंद्रीय कार्यालय दिल्ली में अभियान को लेकर बैठक हुई है। इस बैठक में BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यक्रम को संबोधित किया। जहां पर छग प्रदेश की टोली के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। अभियान की रूपरेखा और विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई है। बैठक में प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश लाटिया, प्रदेश मंत्री जंयती पटेल, हर्षिता पांडेय, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक अवधेश चंदेश भी शामिल हुए।