Maihar Viral Video: मैहर जिले के वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या छात्रावास से सामने आए एक वीडियो ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में छात्राएं चूल्हे पर खाना बनाती नजर आ रही हैं। वीडियो में छात्राओं ने आरोप लगाया है कि छात्रावास में उन्हें समय पर भोजन नहीं मिल रहा, जिसके कारण उन्हें खुद खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
वायरल वीडियो में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा रोशनी दीपांकर ने बताया कि पिछले दो महीनों से छात्रावास में भोजन व्यवस्था ठीक नहीं है। उनका आरोप है कि कई बार छात्राओं को घर से अनाज लाना पड़ता है और पढ़ाई का समय खाना बनाने में ही निकल जाता है। छात्रा ने वीडियो जारी कर शासन और प्रशासन से भोजन की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्राएं लकड़ी के चूल्हे पर खाना बना रही हैं। इस दृश्य ने छात्रावास की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं का कहना है कि वे पढ़ाई करने के लिए छात्रावास में रह रही हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। डिस्ट्रिक्ट ट्राइबल ऑफिसर कमलेश स्कूल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और छात्राओं के लिए भोजन की व्यवस्था करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि छात्रावास की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।