रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें मेरठ निवासी शारदा त्यागी ने अपनी बेटी रेखा त्यागी के साथ हुए अमानवीय व्यवहार, संपत्ति हड़पने और जीवन को खतरे में डालने के गंभीर आरोप अपने दामाद सूर्यकांत त्यागी और उनके पिता अमरनाथ त्यागी पर लगाए हैं।
प्रेसवार्ता में शारदा त्यागी ने बताया कि उनकी पुत्री रेखा त्यागी की शादी वर्ष 1999 में रायपुर के सुंदर नगर निवासी अमरनाथ त्यागी के पुत्र सूर्यकांत त्यागी से हुई थी। विवाह के तुरंत बाद ही रेखा को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, जो वर्षों तक जारी रही।
जबरन गर्भपात और संतान उत्पत्ति में ‘मुहूर्त’ की अंधविश्वासपूर्ण बर्बरता
शारदा त्यागी ने बताया कि पुत्र की चाह में रेखा से जबरन तीन बार गर्भपात करवाया गया। चौथी बार जब यह पता चला कि गर्भ में पुत्र है, तो दंपती उसे शुभ मुहूर्त का हवाला देकर निर्धारित तिथि से चार दिन बाद अस्पताल ले गए। इस लापरवाही के कारण रेखा का नवजात पुत्र मृत पैदा हुआ।
रेखा ने यह सब अपनी व्यथा अपने चाचा ससुर हरिसिंह त्यागी से साझा की, जिन्होंने उसे मेरठ मायके तक सुरक्षित पहुँचाया।
धोखे से वापस बुलाकर चाचा ससुर की संदिग्ध मृत्यु
वर्ष 2006 में अमरनाथ त्यागी ने रेखा और हरिसिंह को वापस रायपुर बुलाया। कुछ महीनों के भीतर ही हरिसिंह त्यागी की अचानक अस्पताल में मृत्यु हो गई, जो अब जांच का विषय है।
वसीयतशुदा भूमि पर जालसाजी, बेटी के साथ किया अन्याय
शारदा त्यागी ने यह भी खुलासा किया कि रेखा को मिली वसीयतशुदा 6.5 एकड़ ज़मीन, जो ग्राम जोरा में स्थित है, उसे अमरनाथ और सूर्यकांत त्यागी ने कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपने नाम पर दर्ज करवा ली। इसके बाद उस भूमि पर अवैध प्लॉटिंग कर करोड़ों की जमीन बेची गई, जिससे शासन को भी आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।
रेखा और बेटी को कमरे में किया गया बंद, जान से मारने की धमकी
रेखा को उसकी बेटी के साथ घर में कैद कर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसे अश्लील गालियाँ दी गईं, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी तक दी गई। भय का वातावरण पैदा कर रेखा की बेटी को मेरठ भेज दिया गया।
न्याय के लिए प्रशासन से गुहार, अभी तक नहीं हुई कार्यवाही
शारदा त्यागी ने बताया कि इस पूरे मामले की शिकायत पहले भी तेलीबांधा थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। अमरनाथ त्यागी का दावा था कि "उसकी पहुँच ऊपर तक है" और पुलिस उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।
फिलहाल रेखा और शारदा त्यागी ने सम्पूर्ण दस्तावेजों के साथ पुनः वर्तमान थाना प्रभारी, एसएसपी रायपुर एवं राजस्व विभाग में शिकायत दर्ज करवाई है। जांच जारी है, परंतु पीड़िता को अब भी न्याय नहीं मिला।
"बेटी की जान को खतरा, रायपुर जाने से कांपती है रेखा"
शारदा त्यागी ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी बेटी अब रायपुर का नाम सुनकर ही डर जाती है। उन्हें आशंका है कि अमरनाथ और सूर्यकांत त्यागी की मिलीभगत से उनकी पुत्री की हत्या करवाई जा सकती है।