बिलासपुर। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के स्वामी विवेकानंद हॉस्टल में शुक्रवार रात एक व्हाट्सएप ग्रुप में धार्मिक और सामाजिक हस्तियों को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 4 छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है, साथ ही उनके खिलाफ कोनी थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट वायरल होने से बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, लॉ विभाग के 8वें सेमेस्टर के कुछ छात्रों द्वारा स्वामी विवेकानंद हॉस्टल के एक व्हाट्सएप ग्रुप में भगवान श्रीराम, परशुराम और डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। इन टिप्पणियों का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गंभीर हो गया और छात्रों में आक्रोश फैल गया।
रात में मौके पर पहुंचा प्रशासन, तत्काल कार्रवाई
सूचना मिलते ही रात करीब 12 बजे सुरक्षा अधिकारी रमाकांत तिवारी, प्रॉक्टर और चीफ वार्डन मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने तुरंत दो छात्रों को हॉस्टल से बाहर कर दिया। हालांकि आगे विवाद और बढ़ने की आशंका को देखते हुए दो अन्य छात्रों को भी हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया।
चार छात्रों के नाम सामने आए, FIR दर्ज
इस मामले में लॉ विभाग के 8वें सेमेस्टर के छात्र तूफान, कौस्तुभ, प्रियांशु और अजीत के नाम सामने आए हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इन सभी के खिलाफ कोनी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैंपस में तनाव, ABVP ने सौंपा ज्ञापन
शनिवार सुबह से ही कैंपस में माहौल तनावपूर्ण रहा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने कुलसचिव प्रो. एके दीक्षित को ज्ञापन सौंपकर दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच समिति गठित करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में सीयू इकाई उपाध्यक्ष हिमांशु शेखर प्रधान, मंत्री प्रसून पाठक, सह मंत्री शाश्वत शुक्ल, पीयूष तिवारी, राहुल चौहान, नवीन राव और आयुष्मान सहित अन्य छात्र शामिल रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन का बयान
विश्वविद्यालय के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित छात्रों द्वारा हॉस्टल में अनुशासनहीनता की गई है, जिसके चलते उन्हें निष्कासित किया गया है। मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच जारी, आगे और कार्रवाई संभव
फिलहाल प्रशासन और पुलिस दोनों ही मामले की जांच में जुटे हुए हैं। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।