शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी से आत्महत्या का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। दोनों का शव आज सुबह पुलिस को रेलवे पटरी के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वही मामले में आगे की जांच जारी है।
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र की घटना
घटना शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र की है। जहां जितेंद्र धाकड़ और सोनम आदिवासी ने प्रेम संबंध के चलते अपनी जान दे दी। हालांकि अभी तक यह साफ़ नहीं हुआ है कि यह घटना आत्महत्या है या फिर हत्या। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
जेल से हाल ही में लौटा था मृतक युवक
बताया जा रहा है कि सोनम के नाबालिग होने के कारण जितेंद्र को पूर्व में जेल भी जाना पड़ा था और हाल ही में वो जेल से रिहा होकर लौटा था। ऐसे में अब पुलिस ये पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ऐसा क्या हुआ कि दोनों को यह कदम उठाना पड़ा। केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।