रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने शुक्रवार, 12 दिसंबर को अपने दो वर्ष पूरे कर लिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने INH न्यूज़ चैनल के लोकप्रिय शो ‘सार्थक संवाद’ में हरिभूमि और INH के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी से विशेष बातचीत की। यह मुख्यमंत्री साय का अब तक का सबसे व्यापक और विस्तृत इंटरव्यू माना जा रहा है, जिसका प्रसारण शुक्रवार रात 7:55 बजे INH24x7 पर किया गया।
जनता की अपेक्षाओं और सरकार की उपलब्धियों पर खुली बातचीत
दो वर्षों के कार्यकाल पर पहली बार इतने विस्तार से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरकार की नीतियों, फैसलों और प्रशासनिक मॉडल को जनता के सामने रखा। इंटरव्यू की शुरुआत इस सवाल से हुई कि क्या सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। इस पर मुख्यमंत्री ने आत्मविश्वास के साथ सरकार के कामकाज और फैसलों की जानकारी दी।
नक्सलवाद, महतारी वंदन योजना और आवास पर बड़ा बयान
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा वर्ष 2026 तक इसके समूल उन्मूलन के लक्ष्य पर भरोसा जताया। उन्होंने बताया कि सरकार सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर किस रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। बातचीत में महतारी वंदन योजना और 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति के लिए धन जुटाने की प्रक्रिया पर भी उन्होंने विस्तार से जानकारी दी।
केंद्र-राज्य संबंध, जीरो टॉलरेंस और प्रशासनिक चुनौतियां
विपक्ष द्वारा केंद्र-राज्य संबंधों को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के साथ बेहतर समन्वय और सहयोग से ही राज्य का तेज़ विकास संभव है। मुख्यमंत्री ने सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर भी जोर दिया और बताया कि पिछली सरकार के समय के अधिकारियों के साथ काम करते हुए उन्हें किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
राजनीति पर बेबाक राय, पुराने नेतृत्व से तालमेल पर भी चर्चा
इंटरव्यू के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के साथ अपने मजबूत तालमेल की भी चर्चा की। साथ ही उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात में भूपेश बघेल और चरणदास महंत के बीच दबाव की स्थिति को लेकर भी खुलकर अपनी राय रखी।
दोबारा प्रसारण और ऑनलाइन उपलब्धता
यह सुपर एक्सक्लूसिव इंटरव्यू शनिवार, 13 दिसंबर को दोपहर 2:25 बजे एक बार फिर केवल INH न्यूज़ चैनल पर प्रसारित किया जाएगा। इसके अलावा दर्शक इस इंटरव्यू को INH न्यूज़ के यूट्यूब चैनल पर भी देख सकते हैं।