टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत से करारी हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट और सत्ता गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संदेश भेजकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी की कार्यशैली पर नाराज़गी जताई है।
भारत से हार के बाद बढ़ा दबाव:
श्रीलंका के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 175/7 रन बनाए, जिसमें ईशान किशन की 40 गेंदों पर 77 रनों की शानदार पारी अहम रही। जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद पाकिस्तान में टीम प्रबंधन और बोर्ड की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।
मुनीर क्यों हुए नाराज़:
रिपोर्ट्स के मुताबिक आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने प्रधानमंत्री को भेजे संदेश में पीसीबी की खराब रणनीति, टीम की अधूरी तैयारी, सार्वजनिक बयानों से पैदा हुए विवाद को लेकर नाराज़गी जताई है। बताया जा रहा है कि भारत के खिलाफ मैच से पहले राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर लिए गए फैसलों ने भी हालात को जटिल बना दिया था।
मोहसिन नकवी के बयान से बढ़ा विवाद:
मैच से पहले मोहसिन नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि न तो वे भारत और ICC की धमकियों से डरते हैं और न ही पाकिस्तान सरकार। उन्होंने आर्मी चीफ का नाम लेते हुए कहा था कि “फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर कभी डरते नहीं हैं।” अब भारत से मिली हार के बाद सेना के नाम के इस्तेमाल पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिससे नकवी की कुर्सी पर खतरा मंडराने की चर्चा तेज हो गई है।
क्या हो सकता है आगे:
पाकिस्तान में नकवी के इस्तीफे की मांग उठ रही है, टीम चयन और तैयारी की समीक्षा संभव सरकार और सेना की संयुक्त रणनीति पर विचार जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।