रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में इंजीनियरिंग की राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा GATE से पहले नकल कराने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें तीन परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर सवालों के जवाब खोज रहे थे, जबकि तीन अभ्यर्थी अंदर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से संपर्क में थे।
हाईटेक तरीके से हो रही थी नकल:
जांच में सामने आया कि परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे आरोपी अंदर मौजूद अभ्यर्थियों से प्रश्न सुनते थे और इंटरनेट पर जवाब खोजकर ब्लूटूथ आधारित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए उन्हें बताते थे। पुलिस ने जब कार्रवाई की, तब बाहरी आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को भी हिरासत में लिया गया। अभ्यर्थियों के कानों से हाईटेक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद किए गए हैं।
सरोना क्षेत्र के परीक्षा केंद्र का मामला:
यह पूरा घटनाक्रम सरोना इलाके स्थित परीक्षा केंद्र से जुड़ा बताया जा रहा है। गुप्त सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस की एसीसीयू और डीडी नगर थाना टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवकों को दबोचा।
फर्जी दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त:
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित फर्जी पहचान पत्र, एडमिट कार्ड से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है और इसके तार किन राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच:
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि गिरोह पहले भी अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्रिय रहा हो सकता है। साथ ही आर्थिक लेन-देन और संपर्क सूत्रों की भी जांच की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले:
प्रदेश में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी टेस्ट के दौरान फर्जी अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के मामले पूर्व में भी सामने आते रहे हैं। इस ताजा कार्रवाई को परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।