राजेश सोनी, डबरा : डबरा में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में उस समय विशेष उत्साह का माहौल बन गया, जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव नवग्रह शक्तिपीठ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की और मंदिर परिसर का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि नवग्रह शक्तिपीठ तेजी से प्रदेश और देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है, नवग्रह शक्तिपीठ ग्वालियर चंबल संभाग ही नहीं बल्कि पूरे देश और प्रदेश का गौरव बनेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
सीएम मोहन ने किए दर्शन
वही पर बतादे कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नवग्रह शक्तिपीठ पहुंचकर सभी नवग्रहों के दर्शन किए और परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध कवि एवं कथा वाचक कुमार विश्वास की चल रही कथा में शामिल होकर जनसमूह को संबोधित किया।
आपने तो जंगल में मंगल कर दिया
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्व गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि “आपने तो जंगल में मंगल कर दिया है, इसके लिए आपको बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।” मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य पर कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ ने पूरे कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बना दिया, वहीं प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं भी सुव्यवस्थित नजर आईं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।