राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए समय बेहद कम बचा है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और जूनियर असिस्टेंट (ग्रेड-2) के कुल 10,644 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी रखी है, जिसकी आवेदन की अंतिम तिथि 13 फरवरी तय की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि तय तारीख के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कहां और कैसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार RSSB की आधिकारिक वेबसाइट rssb.rajasthan.gov.in या राज्य सरकार के SSO पोर्टल (sso.rajasthan.gov.in) के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य है। OTR पूरा होने के बाद अभ्यर्थी भर्ती पोर्टल पर लॉग-इन कर आवश्यक जानकारी भरकर और दस्तावेज अपलोड कर फॉर्म जमा कर सकते हैं।
योग्यता और आयु शर्तें
इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास O-Level, COPA, कंप्यूटर साइंस में डिग्री/डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक या समकक्ष कंप्यूटर सर्टिफिकेट होना चाहिए।
आयु सीमा के अनुसार, उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
पदों का विवरण
इस भर्ती अभियान के तहत राज्य के विभिन्न विभागों में LDC और जूनियर असिस्टेंट (ग्रेड-2) के पद भरे जाएंगे। पदों का श्रेणीवार और विभागवार विवरण आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध है, जिसे उम्मीदवार आवेदन से पहले अवश्य देखें।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग, ओबीसी और अति पिछड़ा वर्ग (क्रीमी लेयर) के लिए आवेदन शुल्क 600 रुपये रखा गया है। वहीं ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर), ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों को 400 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।