MP Weather Update : राजधानी भोपाल सहित आधे प्रदेश में अभी जहां मानसून का इंतजार है, वहीं इसकी उत्तरी सीमा लगातार आगे बढ़ रही है। मंगलवार को मानसून ने प्रदेश के 10 और जिलों को कवर करते हुए इंदौर, बैतूल, धार, उज्जैन तक अपनी पहुंच बना ली है, वहीं बंगाल की खाड़ी की ओर से भी सिस्टम आगे बढ़ते हुए मंडला, सिवनी, बालाघाट से आगे बढ़ गया है।
यहां भारी बारिश का अलर्ट
आज झाबुआ, उज्जैन, मंदसौर, शहडोल, मंडला के साथ ही धार, रतलाम, मंदसौर, नीमच जिलों में भारी से तेज बारिश का यलो अलर्ट है। भोपाल में बादल, बौछारों के बीच तेज हवाओं का दौर रहेगा। पूरी उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिन में भोपाल तक मानसून पहुंच सकता है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ रहा बढ़ रहा मानसूनी सिस्टम अभी पूरे करंट में है। अगले कुछ दिन इसके लिए सभी परिस्थितियां अनुकूल होने से पूरे प्रदेश में मानसून 25 से 27 जून तक ऑनसेट हो सकता है। मौसम केंद्र के अनुसार दो दिन बाद तापमान में दो डिग्री तक और कमी आएगी।
कहां पहुंचा मानसून?
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार मंगलवार को मानसून आगे बढ़ते हुए अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, हरदा, उत्तरी खंडवा, बैतूल, पचमढ़ी, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिलों में आगे बढ़ गया है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों ब्रांच सक्रिय हैं। इससे पूरी उम्मीद है कि यह अभी लगातार आगे बढ़ेगा। इसके लिए सभी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दो दिन में अरब सागर, यह राजस्थान और मप्र के कुछ और हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों में आगे बढ़ जाएगा। भोपाल में भी दो से तीन दिन में आने की उम्मीद है।
कई जिलों में गर्मी से राहत
प्रदेश के अधिकांश जिलों में जारी बादल, बारिश और तेज हवाओं के असर से भोपाल सहित अधिकांश जिलों में पारा 2 से 5 डिग्री तक गिरा। रात में भी दो डिग्री तक कमी रही। भोपाल में अधिकतम तापमान 3.1 डिग्री गिरकर 34.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। नर्मदापुरम, पचमढ़ी, उज्जैन, जबलपुर, नरसिंहपुर, सीधी, और उमरिया में 3 से 4 डिग्री तक कमी आई। प्रदेश में औसतन दो डिग्री की कमी के साथ औसत अधिकतम पारा 36 डिग्री रहा।