लंदन : समुद्र में डूबे जहाज की खोज हमेशा ही एक बड़ी खबर बना जाती है। कभी पुराने समय में जहाज तूफानों में ज्यादा डूबा करते थे। ऐसे में कई लोगों के लिए उन खजानों की तलाश ही जीवन का मकसद बन जाती थी। हालांकि, आधुनिक समय में जहाजों के डूबने की घटनाएं बेहद कम हो गई हैं। हाल ही में एक बड़ा जहाज करीब 140 वर्षों बाद तब सामने आया, जब एक गोताखोर ने समुद्र की गहराई में दबे उसके अवशेषों के बीच एक टूटी हुई प्लेट को पहचाना।
समुद्री इतिहास का था रहस्यमयी जहाज:
यह वही मशहूर ब्रिटिश जहाज एसएस नांत्स था, जो 1888 में एक जर्मन जहाज से टकराकर डूब गया था। एसएस नांत्स ब्रिटेन के समुद्री इतिहास का एक रहस्यमयी और प्रसिद्ध जहाज था। 1888 में यह लिवरपूल से ले हावरे की ओर कोयले को लेकर रवाना हुआ था। रास्ते में जर्मन जहाज थिओडोर रूगर से उसकी भिड़ंत हो गई, जिससे उसकी लाइफबोट्स क्षतिग्रस्त हो गईं।
खोजा नहीं जा सका था मलबा तक :
SS नांत्स 1874 में बना था. यह कुनाई स्टीमशिप कंपनी का मालवाहक जहाज था। डूबने के बाद जहाज गायब हो गया। उस समय नेविगेशन सिस्टम नहीं था। जहाज का मलबा ढूंढना मुश्किल था। हादसे के बाद जहाज के टुकड़े और शव कॉर्नवाल तट पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने यह भयानक दृश्य देखा, लेकिन उस समय जहाज का पता नहीं चला।
कैसे हुई पहचान :
इस जहाज को डोमिनिक रॉबिन्सन ने खोजा, जो पूर्व सैन्य अधिकारी हैं और पिछले 35 वर्षों से गोताखोरी कर रहे हैं। डाइविंग के दौरान उन्होंने एक टूटी हुई प्लेट देखी, जिस पर कुनार्ड स्टीमशिप कंपनी का लोगो अंकित था। यही सुराग जहाज की पहचान की पुष्टि का आधार बना। डोमिनिक ने बताया, पहले भी लोग इस मलबे में गोता लगा चुके थे। लेकिन, किसी ने पहचान नहीं की। इस छोटी प्लेट ने रहस्य सुलझाया। जहाज की तकनीक ,बनावट और आकार से भी पहचान से भी मदद मिली।
समुद्र में सुई खोजने जैसा था :
जहाज 240 फीट लंबा था। समुद्री इतिहास विशेषज्ञ डॉ. हैरी बेनेट ने इस खोज की सराहना की और कहा कि यह काम समुद्र में सुई तलाशने जैसा मुश्किल था। डॉ. बेनेट प्लायमाउथ विश्वविद्यालय में पढ़ाते हैं। उन्होंने कहा, स्थानीय गोताखोरों ने शानदार काम किया। यह समुद्री हादसे का बड़ा रहस्य था। मलबे से मिले वीडियो और सबूतों की जांच हुई। डॉ. बेनेट ने इस बात की पुष्टि की कि मिला हुआ मलबा वास्तव में एसएस नांत्स का ही है। इस खोज ने एक लंबे समय से खोए हुए ऐतिहासिक अध्याय को फिर से जीवंत कर दिया है।