धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिले के पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए कुल 192 आरक्षकों का तबादला कर दिया है।
इन आरक्षकों का हुआ तबादला
यह तबादला उन आरक्षकों के लिए किया गया है, जिन्होंने एक ही स्थान पर दो वर्ष या उससे अधिक समय तक सेवा दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा कार्यकुशलता और संतुलित पदस्थापना को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
पदस्थ आरक्षकों का किया मूल्यांकन
जानकारी के अनुसार, धमतरी, कुरुद और नगरी अनुभागों के साथ-साथ पुलिस लाइन, यातायात शाखा, नियंत्रण कक्ष, एसपी कार्यालय, साइबर थाना, अजाक थाना और महिला सेल में लंबे समय से पदस्थ आरक्षकों का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद एक विशेष बैठक आयोजित कर उनके कार्य प्रदर्शन की समीक्षा की गई।
अलग-अलग सूचियों के माध्यम से तबादला
इस प्रक्रिया के तहत दो अलग-अलग सूचियों के माध्यम से तबादला आदेश जारी किया गया, जिसमें आरक्षकों को विभिन्न थाना, चौकी और रक्षित केंद्रों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह के स्थानांतरण से न केवल प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को भी और मजबूत किया जा सकेगा।



