अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड में एक कैदी को नियमों के विपरीत विशेष सुविधाएं दिए जाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पूरे प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। बताया जा रहा है कि गंभीर बीमारी का हवाला देकर अस्पताल में भर्ती किए गए कैदी को जेल नियमों के खिलाफ कई तरह की सुविधाएं मिल रही थीं। कैदी को घर का खाना दिया जा रहा था, वहीं उसके परिजन मोबाइल फोन लेकर जेल वार्ड के अंदर आसानी से प्रवेश कर रहे थे।
खुला रहता था जेल वार्ड का ताला
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब जांच में सामने आया कि जेल वार्ड का बाहरी ताला खुला हुआ था। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। शिकायत मिलने के बाद जेल अधीक्षक ने तुरंत अस्पताल के जेल वार्ड का आकस्मिक निरीक्षण किया।
दो प्रहरी निलंबित, जांच जारी
जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आई, जिसके चलते दो प्रहरियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डॉक्टर की अनुमति पर कैदी के साथ एक अटेंडर रखने की छूट दी गई थी, लेकिन नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। अंबिकापुर जेल वार्ड का यह मामला जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि जांच में और कौन-कौन जिम्मेदार सामने आते हैं और क्या सख्त कार्रवाई की जाती है।