डागेश यादव //आरंग । राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम संकरी में पंचायत के एक पंच पर गांव की ही एक विवाहिता के घर में घुसकर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पति के बाहर होने का आरोपित ने उठाया फायदा
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार घटना 15 जुलाई की रात की बताई गई है। उस समय पीड़िता का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। महिला अपने बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पंचायत पंच खेमन लाल साहू बिना अनुमति घर के भीतर दाखिल हुआ और महिला के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
महिला के शोर मचाने पर भागा आरोपी
शिकायत के मुताबिक महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे। पड़ोसी के आने की आहट मिलते ही आरोपी वहां से भाग निकला। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी और मंदिर हसौद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और धारा 332 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।
ग्रामीणों में नाराजगी
घटना के बाद ग्राम संकरी और आसपास के क्षेत्रों में नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति पर इस तरह के आरोप बेहद गंभीर हैं। लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।