राजनांदगांव। प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर INH-हरिभूमि द्वारा आयोजित 'जिला संवाद' कार्यक्रम का आगाज राजनांदगांव में हुआ। शहर के होटल एबीस ग्रीन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिले के विकास, सुशासन, जनहित और भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा की गई।
प्रथम सत्र संवाद
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में INH-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने पिछले दो वर्षों में हुए विकास कार्यों, शासन की उपलब्धियों और आने वाले समय में जिले की संभावनाओं को लेकर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। चर्चा का केंद्र केवल सरकारी योजनाएं नहीं रहीं, बल्कि आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों और विकास की चुनौतियों पर भी खुलकर विचार-विमर्श हुआ। वरिष्ठ पत्रकार सुशील कोठारी, डॉ. प्रकाश खुंटे, डॉ. प्रकाश खुंटे, शिक्षा मंडल राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश एचलाल, कृष्णकुमार द्विवेदी मौजूद रहे।
छह चरणों में होगी जिले के विकास पर चर्चा
आयोजकों के अनुसार जिला संवाद कार्यक्रम को छह अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक चरण में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, व्यापार, कानून-व्यवस्था, पर्यटन, अधोसंरचना और जनकल्याण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों एवं जिम्मेदार प्रतिनिधियों के बीच चर्चा होगी, ताकि जिले के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया जा सके।
जनप्रतिनिधियों से लेकर उद्योग जगत तक की रही भागीदारी
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, विधायक भोलाराम साहू, महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व विधायक छन्नी साहू, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, उद्योगपति बहादुर अली, शिक्षा मंडल राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश एचलाल, वरिष्ठ पत्रकार सुशील कोठारी, महावीर ग्रुप के एमडी विनोद बोहरा, उद्योगपति सुनील मुंदड़ा, उद्योगपति सुनील अग्रवाल, चिकित्सक डॉ. प्रकाश खुंटे, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष कमलेश बैद तथा कैट अध्यक्ष राजू डागा सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
प्रशासनिक अधिकारियों से भी होगा सीधा संवाद
जिला संवाद के आगामी सत्रों में कलेक्टर जितेन्द्र यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी जिले से जुड़े प्रशासनिक विषयों, कानून-व्यवस्था, विकास परियोजनाओं और जन अपेक्षाओं पर अपनी बात रखेंगे। इससे प्रशासन और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
विकास के रोडमैप पर केंद्रित रहा कार्यक्रम
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल उपलब्धियों का उल्लेख करना नहीं, बल्कि राजनांदगांव के भविष्य के विकास की दिशा तय करने, नागरिकों की अपेक्षाओं को समझने और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के सुझावों को साझा मंच उपलब्ध कराना रहा। आयोजन में मौजूद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों, व्यापारियों और समाजसेवियों ने जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।