दुर्ग। रक्षाबंधन के त्योहार पर ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन सुविधा देने का फैसला किया है। रेलवे दुर्ग और रायगढ़ के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाएगा। गाड़ी संख्या 08834/08833 का संचालन 27 से 29 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इस स्पेशल ट्रेन के चलने से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर, चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ समेत रास्ते में आने वाले कई स्टेशनों के यात्रियों को राहत मिलेगी।
दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल दुर्ग स्टेशन से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा, चरोदा, कुम्हारी, सरोना और सरस्वती नगर होते हुए सुबह 11:25 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर के बाद ट्रेन WRS, उरकुरा, मांढर, सिलयारी, बैकुंठ, तिल्दा-नेवरा और हथबंद स्टेशनों पर ठहरते हुए दोपहर 12:50 बजे भाटापारा पहुंचेगी।
बिलासपुर होकर शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी
भाटापारा से आगे ट्रेन निपानिया, दगोरी, बिल्हा, चकरभाठा और दाधापारा होते हुए दोपहर 2:45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, सक्ती और खरसिया समेत कई स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।
रायगढ़ से शाम 7:40 बजे वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग पैसेंजर स्पेशल रायगढ़ से शाम 7:40 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन रात 10:20 बजे बिलासपुर, रात 11:25 बजे भाटापारा और रात 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन अगले दिन तड़के 2 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
10 ICF कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
रक्षाबंधन स्पेशल पैसेंजर ट्रेन में कुल 10 ICF कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 SLRD कोच शामिल होंगे। त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए रेलवे के इस फैसले से नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।