ओंकारेश्वर। महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पट 24 घंटे खुले रहेंगे। बड़ी संख्या में मालवा-निमाड़ सहित देशभर से श्रद्धालु आज महाशिवरात्रि पर दर्शन के लिए ओंकारेश्वर आएंगे। खंडवा जिला कलेक्टर एवं मंदिर ट्रस्ट ने ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन व्यवस्था जुटाई हैं। आज भगवान ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के पट आम दिनों की तुलना में दो घंटा पहले तड़के तीन बजे ही श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। ओंकारेश्वर मंदिर के प्रबंधक ट्रस्टी राव देवेंद्र सिंह एवं ट्रस्टी जंगबहादुर सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन संपूर्ण मंदिर परिसर को फूलों से सजाया जाएगा।
ओंकारेश्वर मंदिर के सहायक कार्यपालन अधिकारी अशोक महाजन एवं व्यवस्थापक पंडित आशीष दीक्षित ने बताया कि भोलेनाथ को सवा क्विंटल पेडे का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद वितरण किया जाएगा। जोड़ गणपति हनुमान मंदिर के महंत मंगल दास त्यागी जी ने बताया कि आज शिवरात्रि पर सुबह 5 बजे नगर के सभी साधु सन्यासी प्रतिवर्ष की तरह ढोल धमाके के साथ जुलूस के रुप में एक साथ भगवान ओंकारेश्वर-ममलेश्वर मंदिर पंहुचेंगे। मंदिर के पट तड़के तीन बजे खुल जाएंगे। दोपहर भोग के समय 30 मिनट मंदिर के पट बंद किए जाएंगे। ओंकारेश्वर भगवान को मध्यकालीन भोग लगाया जाएगा। अन्य दिनों में मंदिर के पट दोपहर 12.20 से 1.20 बजे तक बंद रहते हैं। शिवरात्रि पर मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मात्र 20 मिनट पट बंद रखने का निर्णय लिया है।