रायपुर। संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, रायपुर के निर्देश पर बुक स्कैनिंग कार्य की समीक्षा हेतु सहायक संचालक उषा किरण खलखो एवं सुरेखा थानथराट ने संकुल केंद्र भूकेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संकुल समन्वयक मनबोध नंद, जो शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पौसरा (विकासखंड बसना, जिला महासमुंद) में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं, द्वारा पुस्तक वितरण एवं स्कैनिंग कार्य में गंभीर लापरवाही पाई गई।
पुस्तक वितरण में चार दिनों की देरी:
जांच में यह पाया गया कि पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति 21 जून को प्राप्त होने के बावजूद वितरण कार्य 25 जून को प्रारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त, 8 विद्यालयों में कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हो सका है। मनबोध नंद से इस संबंध में संतोषजनक उत्तर नहीं प्राप्त हुआ। साथ ही, 25 जून को आयोजित विभागीय ऑनलाइन बैठक में भी वे अनुपस्थित रहे।
संकुल समन्वयक मनबोध नंद तत्काल प्रभाव से निलंबित :
उनके इस व्यवहार को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-03 के प्रतिकूल मानते हुए, इसे गंभीर कदाचार और अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक की संयुक्त प्रतिवेदन के आधार पर संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, रायपुर राकेश कुमार पाण्डेय द्वारा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9(1) के अंतर्गत मनबोध नंद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा तथा उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मगरलोड (जिला धमतरी) नियत किया गया है।