भोपाल। मप्र के 19 धार्मिक शहराें, कस्बों व पंचायतों में शराब की दुकानों व बार को बंद करने की कैबिनेट से शुक्रवार को मंजूरी मिल गई। इन सभी शहरों में नए वित्तीय वर्ष 2025-26 यानी एक अप्रैल 2025 से शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी। इनमें एक नगर निगम, 6 नगर पालिका, 6 नगर परिषद और 4 ग्राम पंचायतें हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमने तय किया है कि राज्य धीरे-धीरे शराबबंदी की तरफ बढ़े। इसी क्रम में नीतिगत निर्णय हुआ है। पहले चरण में अभी इन्हीं धार्मिक स्थानों को लिया गया है। इसी के साथ कई अन्य निर्णय भी लिए गए हैं। कैबिनेट की बैठक शुक्रवार को रानी अहिल्याबाई की धार्मिक नगरी महेश्वर में हुई।
इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलें हुए। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। बैठक के लिए सभी मंत्री महेश्वर पहुंचे हुए थे। इसके लिए एक दिन पहले से ही भोपाल से संबंधित अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव व अन्य अफसर पहले ही महेश्वर पहुंच गए थे। मुख्य सचिव अनुराग जैन भी कैबिनेट की बैठक के लिए महेश्वर पहुंचे थे। महेश्वर पहुंचने पर सबसे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रियों के साथ नर्मदा अहिल्या घाट पर मां नर्मदा का पूजन अर्चन किया। इसके बाद कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बैठक के पूर्व विभिन्न मुद्दों पर मंत्रियों से बातचीत की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वहां से करीब 20 किमी दूर मंडलेश्वर में महेश्वर जानापाव उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया।
सुशासन के साथ नारी सशक्तिकरण का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत होगा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्या बाई की 300 वीं जयंती के उपलक्ष में कैबिनेट की बैठक का आयोजन मां नर्मदा के किनारे होल्कर शासकों की राजधानी रहे महेश्वर में किया गया। देवी अहिल्या माता हों या रानी दुर्गावती, दोनों ने ही विदेशी आक्रांताओं के विरुद्ध संघर्ष के साथ सुशासन स्थापित करते हुए नारी सशक्तिकरण के अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी सशक्तिकरण के चार स्तंभों पर आधारित व्यवस्था के अंतर्गत कैबिनेट की बैठक में महिला नीति संबंधित विषय पर महत्वपूर्ण निर्णय प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब, सामाजिक बुराई है, इससे पारिवारिक स्तर पर समस्याएं होने के साथ ही समाज में कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
आधारभूत संरचनाओं के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रस्ताव
डॉ. यादव ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रख्यात विधि विशेषज्ञ थे। उनकी जन्मस्थली महू में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक विज्ञान विवि को सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस के रूप में भी विकसित किया जाएगा। विवि में विधि संकाय स्थापित करने के उद्देश्य से आधारभूत संरचनाओं के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रस्ताव है।
कैबिनेट ने इन स्थानों पर शराबबंदी का निर्णय लिया
कैबिनेट में लिए गए निर्णय के अनुसार उज्जैन, ओंकारेश्वर, महेश्वर, मण्डलेश्वर, ओरछा, मैहर, चित्रकूट, दतिया, पन्ना, मंडला, मुल्ताई, मंदसौर और अमरकंटक की संपूर्ण नगरीय सीमा में एवं सलकनपुर, कुंडलपुर, बांदकपुर और बरमानकला की ग्राम पंचायत सीमा में समस्त मदिरा दुकानों एवं बार को बंद किया जाएगा।
इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। शराबबंदी के साथ ही साथ यह भी तय किया जाएगा कि इन क्षेत्रों में किसी भी सूरत में शराब की वैध या अवैध बिक्री नहीं होगी। इसके लिए सख्त नियम भी बनाया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि शराब बंदी कुछ इस तरह से हो कि किसी भी व्यक्ति की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं हों। शराबबंदी के साथ ही साथ सरकार मांस व उससे बने पदार्थों की बिक्री भी प्रतिबंधित करेगी। इसके लिए भी कड़े नियम बनाए जाएंगे।
मप्र ने देश में सबसे पहले ई-समन व्यवस्था लागू की
सीएम डॉ. यादव ने कहा कि तीन नए आपराधिक कानून के क्रियान्वयन के तहत मप्र ने देश में सबसे पहले ई-समन व्यवस्था लागू की। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नए आपराधिक कानून के क्रियान्वयन के संबंध में नई दिल्ली में ली गई बैठक में नए कानूनों के क्रियान्वयन की दृष्टि से मप्र की अग्रणी व आदर्श राज्य के रूप में सराहना हुई। इस व्यवस्था से पुलिस बल के समय और संसाधनों की बचत होगी। डॉ. यादव ने कहा कि बंदी जेल में विद्यमान क्यूबिक से ही न्यायालयीन प्रक्रिया में शामिल होंगे।
ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि उन्हें न्यायालय न जाना पड़े। चिकित्सकों के अस्पताल से ही बयान दर्ज कराने की व्यवस्था भी की जा रही है। इन नवाचारों से पुलिस बल को कई प्रक्रियागत कार्यों में सुविधा मिलेगी और पुलिस के लगभग 30% कार्य व समय की बचत होगी। राज्य सरकार समय-सीमा में प्राथमिकता से इसे लागू करने के लिये प्रतिमाह बैठक कर प्रगति की समीक्षा करेगी। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी की उपस्थिति में 24-25 फरवरी को भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के लिए उद्योग समूहों और निवेशकों के साथ पुणे में हुए इंटरेक्टिव सेशन के संबंध में भी जानकारी दी।