निवाड़ी। 25 मार्च का दिन मध्यप्रदेश के लिए केवल एक तिथि नहीं बल्कि गौरव, विश्वास और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। यह अवसर है प्रदेश के लोकप्रिय और कर्मठ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जन्मदिवस का जिनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है। डॉ. मोहन यादव की जीवन यात्रा एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने की प्रेरक कहानी है। यह साबित करती है कि सच्ची नीयत, कठोर परिश्रम और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि समाज परिवर्तन का सशक्त साधन बनाया है।
विधायक ने दी शुभकामनाएं, बताया विकास का ध्वजवाहक
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर विधायक अनिल जैन ने भोपाल पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि डॉ. मोहन यादव का नेतृत्व मध्यप्रदेश के लिए नई ऊर्जा और नई दिशा लेकर आया है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सुशासन, पारदर्शिता और समावेशी विकास के नए मानदंड स्थापित कर रहा है। जीरो टॉलरेंस नीति ने प्रशासन में जवाबदेही को मजबूत किया है, जिससे आमजन का विश्वास बढ़ा है। महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के अवसर और गरीबों के कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण और आधारभूत ढांचे के विस्तार में प्रदेश ने अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव जैसे नवाचारों ने छोटे शहरों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।
निवाड़ी जिले में विकास के नए आयाम
विधायक जैन ने विशेष रूप से निवाड़ी जिला का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शिशु जिला अब किशोरावस्था में प्रवेश कर चुका है और विकास के क्षेत्र में नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। जिले में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्रों में तेजी से प्रगति हो रही है। उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष मार्गदर्शन और संवेदनशील नेतृत्व महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिसके कारण निवाड़ी जिला आज विकास की नई पहचान बना रहा है।
संवेदनशील नेतृत्व और निर्णायक कार्यशैली
विधायक अनिल जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी विशेषता उनकी संवेदनशील सोच और निर्णायक कार्यशैली है। वे केवल योजनाएं नहीं बनाते, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान देते हैं। उनकी नीतियों में गरीब, वंचित, किसान, युवा और महिलाओं के समग्र विकास का स्पष्ट दृष्टिकोण दिखाई देता है।