रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह जिला जशपुर के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11 बजे रायपुर से जशपुर के लिए रवाना होंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चराईडंड गांव स्थित शिव मंदिर से आम बगीचा तक निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा में भाग लेंगे। इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री के साथ जनप्रतिनिधिगण भी मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 4 बजे जशपुर से रायपुर के लिए वापस लौटेंगे।
15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी :
छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। शराब घोटाले की जांच के तहत आज प्रदेशभर में 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई अंबिकापुर, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और राजधानी रायपुर सहित कई स्थानों पर की जा रही है। ईओडब्ल्यू और एसीबी की संयुक्त टीमों द्वारा संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है और घोटाले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मौसम ने एक बार फिर ली करवट:
छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे प्रदेशवासियों को अब कुछ राहत मिलती नजर आ रही है। मौसम विभाग ने तेज अंधड़, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग ने 17 से 21 मई तक के लिए प्रदेश में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और गरियाबंद सहित कुल 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि राजनांदगांव, महासमुंद और आस-पास के 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
सभी ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा :
आज पूरे छत्तीसगढ़ की सभी ग्राम पंचायतों में सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन में देशभक्ति का माहौल देखने को मिलेगा और आम जनता भी बढ़-चढ़कर भाग लेगी। सभी मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले में होने वाली तिरंगा यात्रा में भाग लेंगे और जनता के साथ कदम से कदम मिलाकर देशभक्ति का संदेश देंगे।
विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज :
छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। गृह विभाग ने आदेश जारी कर सभी जिलों में घुसपैठियों के लिए होल्डिंग सेंटर बनाए जाने के निर्देश दिए हैं। इन सेंटरों में पाकिस्तानी, बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की पहचान कर उन्हें तीस दिनों तक रखा जाएगा, जहां उनकी विस्तृत जांच की जाएगी। जांच के बाद पुष्टि होने पर उन्हें डिपोर्ट किया जाएगा। ये होल्डिंग सेंटर डिटेंशन सेंटर की तरह कार्य करेंगे और राज्य में अवैध प्रवास पर नियंत्रण के लिए एक अहम कदम साबित होंगे।
तड़के सुबह नगर निगम की कार्रवाई :
राजधानी रायपुर के कौशल्या विहार में आज तड़के सुबह नगर निगम की कार्रवाई देखने को मिली, जहां अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। निगम की टीम ने भारी पुलिस बल और जिला प्रशासन की मौजूदगी में कई अवैध मकानों को ध्वस्त किया। बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोगों ने वहां पर बिना अनुमति के मकान बना लिए थे। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभियान जारी रखा और अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की।