जबलपुर : मध्यप्रदेश को मेट्रो सिटी की तर्ज कर तैयार किया जा रहा है। प्रदेश के अधिकतर जिलों को डेवलप करने के लिए प्रशासन द्वारा कई तरह की रूप रेखा तैयार की जा चुकी है। इसी कड़ी में जबलपुर को भी विकास से जुड़ने के लिए सड़कों से लेकर रेलवे स्टेशन तक को बेहतर किया जा रहा है। तो वही 23 अगस्त को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जबलपुर को प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर की सौगात देने जा रहे है। जिसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है।
1052 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया फ्लाईओवर
बता दें कि जबलपुर का मदन महल–दमोहनाका–रानीताल फ्लाईओवर 6.855 किमी लंबा है। जिसे कुल 1052 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। यह फ्लाईओवर न केवल राज्य का सबसे लंबा है, बल्कि अपनी आधुनिक डिज़ाइन और केबल स्टे ब्रिज की वजह से शहर की नई पहचान भी बनेगा। इस फ्लाईओवर का लोकार्पण 23 अगस्त को दोपहर 11.30 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा किया जायेगा।
सात मिनट में तय होगा सात किमी का सफर
इस फ्लाईओवर की सौगात जबलपुर वासियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। बता दें कि पहले मदन महल से दमोहनाका तक जाने में लगभग 40 से 45 मिनट लगते थे, किंतु फ्लाईओवर से आवागमन प्रारंभ होने के बाद यह दूरी सिर्फ छह से आठ मिनट में तय की जा सकेगी। फ्लाईओवर न केवल जबलपुर के यातायात को व्यवस्थित करेगा अपितु शहर को महानगरीय स्वरूप के लिए मील का पत्थर साबित होगा।यह देश का सबसे लंबा सिंगल स्पान केबल-स्टे ब्रिज है, जिसकी लंबाई 192 मीटर है, जिसमें 3 बो-स्ट्रिंग ब्रिज का निर्माण किया गया है।