कोंडागांव। छत्तीसगढ़ सरकार के ढाई वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर जिले में चल रहे विकास कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर से जुड़े अहम मुद्दों पर आज ‘जिला संवाद 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। आईएनएच-हरिभूमि की ओर से आयोजित इस संवाद में जिले के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा होगी। कार्यक्रम का आयोजन रविवार दोपहर 2 बजे से कोंडागांव स्थित इंडोर ऑडिटोरियम, ऑफिसर्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किया जाएगा। संवाद के दौरान जिले में विकास की मौजूदा स्थिति, सरकारी योजनाओं की प्रगति, स्थानीय समस्याओं और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।
विकास के मुद्दों पर जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद
आईएनएच-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी जिला संवाद के दौरान कोंडागांव के प्रमुख राजनीतिक प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से जिले के विकास को लेकर संवाद करेंगे। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक एवं पूर्व मंत्री लता उसेंडी, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और भाजपा जिलाध्यक्ष देवकरन मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। संवाद में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, सरकारी योजनाओं की पहुंच, बुनियादी सुविधाओं और जिले की विकास प्राथमिकताओं जैसे विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
योजनाओं की प्रगति और स्थानीय समस्याओं पर समीक्षा
कार्यक्रम में प्रशासनिक स्तर से भी महत्वपूर्ण भागीदारी रहेगी। कलेक्टर आकांक्षा रिखी और एसपी पंकज झा समेत जिले के अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों के साथ जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और उनके जमीनी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। ‘जिला संवाद 2026’ का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय मुद्दों के बीच संवाद को मजबूत करना है, ताकि जिले की मौजूदा चुनौतियों के साथ-साथ विकास की नई संभावनाओं पर भी गंभीर मंथन हो सके।