Bihar IAS Transfer: सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार देर रात IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों को लेकर अधिसूचना जारी की गई। सरकार के आदेश के बाद कई जिलों और अनुमंडलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियां नए अधिकारियों को सौंपी गई हैं। तबादला सूची में युवा IAS अधिकारियों की संख्या भी उल्लेखनीय है। अधिकारियों को उनके नए पदों पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
इन अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
तबादले के तहत श्रेया श्री को खगड़िया का नया उप विकास आयुक्त (DDC) बनाया गया है। वहीं बाढ़ की SDO रहीं गरिमा लोहिया को दरभंगा नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया गया है। अनिरुद्ध पाण्डेय, जो दानापुर के SDO थे, उन्हें पूर्णिया नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है। वहीं पूर्णिया के SDO तुषार कुमार को मधुबनी का DDC नियुक्त किया गया है।
युवा IAS अधिकारियों को भी मिली नई पोस्टिंग
प्रशासनिक फेरबदल में कई युवा अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों और जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। कटिहार के SDO प्रधुम्न सिंह यादव को उद्योग विभाग के खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय का निदेशक बनाया गया है। मुजफ्फरपुर पश्चिमी की SDO आकांक्षा आनंद को सासाराम का DDC नियुक्त किया गया है। इसी तरह अरेराज, पूर्वी चंपारण की SDO अंजलि शर्मा को समाज कल्याण विभाग में निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। नौगछिया के SDO रोहित कर्दम को जमुई का DDC बनाया गया है। वहीं शिप्र विजयकुमार चौधरी को भी जमुई में उप विकास आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। नेहा कुमारी को कटिहार का नया DDC नियुक्त किया गया है।
कई अनुमंडलों में भी बदले गए SDO
सरकार के आदेश के मुताबिक कई अनुमंडलों में भी नए SDO की तैनाती की गई है। भागलपुर के कृष्ण चंद्र गुप्ता को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर का नया SDO और प्रिया रानी को सासाराम का SDO बनाया गया है। इसके अलावा कृष्णा जोशी को बाढ़, प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, सैयद आदिल मोहसीन को मढ़ौरा, अजय यादव को बेगूसराय, सूरज कुमार को कटिहार और विग्नेश टीए को पूर्णिया का SDO नियुक्त किया गया है। वहीं जतिन कुमार को शेरघाटी (गया), के. परीक्षित को नौगछिया (भागलपुर), महेश कुमार को तारापुर (मुंगेर) और कशिश बक्शी को पटना सिटी का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है।
तत्काल प्रभाव से संभालना होगा कार्यभार
बिहार सरकार की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को उनके नए पदस्थापन पर तत्काल प्रभाव से योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई जिलों और अनुमंडलों की प्रशासनिक कमान अब नए अधिकारियों के हाथ में होगी।


