Indore News : मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में सोमवार को दो अलग-अलग मामलों ने सुर्खियां बटोरीं। एक ओर खजराना गणेश मंदिर से जुड़े पुजारी परिवार की बहू ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं दूसरी ओर चर्चित मामले में नारायण साईं की फैमिली कोर्ट में पेशी हुई।
पुजारी परिवार की बहू का आरोप
पहले मामले में, खजराना क्षेत्र के पुजारी परिवार की बहू पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंची और अपने पति पुनीत भट्ट सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया है कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया, मारपीट की गई और मानसिक रूप से परेशान कर घर से निकाल दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल पक्ष द्वारा एक करोड़ रुपए और फॉर्च्यूनर कार की मांग की जा रही थी। पुलिस आयुक्त कार्यालय में महिला का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, जानकारी के अनुसार महिला के खिलाफ भी बहू और बेटे से मारपीट का एक मामला दर्ज है, जिसकी भी जांच जारी है।
नारायण साईं के बेटे की पेशी
तो वही दूसरे मामले में आसाराम के बेटे नारायण साईं को कड़ी सुरक्षा के बीच सूरत से इंदौर लाया गया, जहां उनकी फैमिली कोर्ट में पेशी हुई। यह मामला उनकी पत्नी जानकी द्वारा दायर भरण-पोषण और तलाक याचिका से जुड़ा है। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई जारी है, जिसमें भरण-पोषण के रूप में 50 हजार रुपए देने का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
कोर्ट में कड़ी सुरक्षा
नारायण साईं की पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी कोर्ट के बाहर मौजूद रहे। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के बीच तेजी से कोर्ट के अंदर पहुंचाया और सुनवाई पूरी होने के बाद बाहर निकाला जाएगा। दोनों ही मामलों ने शहर में सामाजिक और कानूनी मुद्दों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।