IndiGo increased fares: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनियों में से एक IndiGo ने एक बार फिर यात्रियों को झटका देते हुए फ्लाइट किराए में बढ़ोतरी कर दी है। एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भारी उछाल को देखते हुए कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला लिया है।
घरेलू उड़ानों पर कितना बढ़ा किराया?
नए संशोधित फ्यूल चार्ज के अनुसार अब यात्रियों को दूरी के आधार पर 0 से 500 किमी: ₹275, 501 से 1000 किमी: ₹400, 1001 से 1500 किमी: ₹600, 1501 से 2000 किमी: ₹800, 2000 किमी से अधिक: ₹950 अतिरिक्त शुल्क देना होगा, यह अतिरिक्त शुल्क 2 अप्रैल रात 12 बजे के बाद की गई सभी नई बुकिंग्स पर लागू होगा।
इंटरनेशनल फ्लाइट पर बड़ा असर
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यात्रियों को अब ₹900 से लेकर ₹10,000 तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज देना होगा। यह बढ़ोतरी लंबी दूरी की फ्लाइट्स में यात्रियों के बजट पर खासा असर डाल सकती है।
ATF कीमतों में भारी उछाल बना वजह
एयरलाइंस कंपनी के अनुसार, एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में हाल के समय में करीब 130% तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से कंपनियों पर ऑपरेशनल लागत बढ़ गई है, जिसका बोझ अब यात्रियों पर डाला जा रहा है।
18 दिन में दूसरी बार बढ़ोतरी
गौरतलब है कि IndiGo ने महज 18 दिन पहले भी फ्यूल चार्ज में इजाफा किया था। लगातार दूसरी बार हुई इस बढ़ोतरी से यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ना तय माना जा रहा है।
सरकार का भी समर्थन
केंद्र सरकार ने एयरलाइंस कंपनियों को राहत देने के लिए फ्यूल चार्ज में करीब 25% तक बढ़ोतरी की अनुमति दी है। इसी के आधार पर एयरलाइंस कंपनियां अपने किराए में संशोधन कर रही हैं। इंडिगो की इस नई किराया वृद्धि से साफ है कि आने वाले समय में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है। खासकर घरेलू यात्रियों और अंतरराष्ट्रीय यात्राओं की योजना बना रहे लोगों को अब अपने बजट में अतिरिक्त खर्च जोड़ना होगा।