भोपाल : मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह के भाई देवेंद्र तोमर का देर रात बीमारी के चलते निधन हो गया। देवेंद्र सिंह तोमर लंबे समय से लंग्स इंफेक्शन से पीड़ित थे। जिसका इलाज चल रहा था। बीते दिन तबियत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें भोपाल के चिरायु हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस बात की जानकारी खुद मंत्री जी द्वारा दी गई।
2 बजे ग्वालियर में होगा अंतिम संस्कार
मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने कहा कि मेरे ज्येष्ठ भ्राता श्री देवेन्द्र सिंह तोमर की अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर 2 बजे हमारे निज निवास, न्यू कॉलोनी नम्बर 2 बिरला नगर से अटल द्वार के अंदर साडा रोड, पुरानी छावनी ग्वालियर पहुँचेगी। जहां उनकी पार्थिव देह को मुखाग्नि दी जाएगी।
चिरायु हॉस्पिटल में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार देवेंद्र सिंह तोमर बीते कुछ समय से ग्वालियर के अपोलो में भर्ती थे। जिन्हे रविवार रात को एयर एम्बुलेंस से हैदराबाद ले जाया जा रहा था। लेकिन हालत ज्यादा बिगड़ने पर भोपाल में विमान की इमरजेंसी लेंडिग कराई गई। यहां उन्हें चिरायु हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्रद्युम्न सिंह तोमर के राजनीतिक गुरू थे उनके भाई
देवेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर नगर निगम में तीन बार पार्षद रह चुके थे. वह नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं. ग्वालियर शहर में उनकी पहचान सीनियर नेता के तौर पर होती थी. बताया जाता है कि मोहन सरकार में मंत्री और ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के राजनीतिक गुरू उनके भाई देवेंद्र तोमर ही माने जाते थे।