सीधी : मध्य प्रदेश के सीधी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां हाथियों के झुंड ने रविवार रात एक कच्चे मकान में सो रहे दंपति को कुचल कर मौत के घाट उतारा दिया। मामला सीधी जिले की ग्राम पंचायत गाजर के चिनगी गांव का है। घटना को लेकर ग्रामीणों में जहां आक्रोश है। तो वही गांववालों ने घटना का जिम्मेदार प्रशासन को ठहराया है।
घटना रात करीब 2 बजे की
घटना रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है। जब बुजुर्ग दंपती घर में सो रहा था। तभी हाथियों के झुंड ने पहले घर में तोड़ फोड़ कि फिर पति-पत्नी को कुचल कर मौत के घाट उतारा दिया। घटना को लेकर गांववालों में जहां दहशत का माहौल है। तो वही पुलिस ने मृतक की पहचान भैयालाल यादव (60) और उनकी पत्नी के रूप में की है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई परिवारों को वन क्षेत्र से विस्थापित किया गया था, लेकिन भैयालाल यादव के परिवार सहित लगभग 40 लोगों को विस्थापन योजना का लाभ नहीं मिला। इसी कारण पूरा गांव खाली नहीं हो पाया और लोग आज भी हाथियों के खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं।
पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच और आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण इस हादसे को विस्थापन व्यवस्था की बड़ी विफलता बता रहे हैं. उनका कहना है कि यदि समय रहते सभी पात्र परिवारों का पुनर्वास किया गया होता तो शायद आज दो लोगों की जान बच जाती।