रायपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं के छात्रों के लिए मई 2026 में आयोजित होने वाली सेकेंड बोर्ड परीक्षा को लेकर नया सर्कुलर जारी किया है। इस परीक्षा का उद्देश्य उन छात्रों को एक और अवसर देना है, जो अपने मुख्य परीक्षा के अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। CBSE के इस फैसले से लाखों छात्रों को राहत मिलेगी, क्योंकि अब वे अपने रिजल्ट में सुधार कर सकेंगे। हालांकि, छात्र अधिकतम 3 विषयों में ही इस परीक्षा में शामिल हो पाएंगे।
तीन चरणों में जमा होगी कैंडिडेट्स लिस्ट (LOC)
CBSE ने लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स (LOC) जमा करने के लिए तीन चरण तय किए हैं:
पहला चरण: 18 मार्च से 31 मार्च 2026
दूसरा चरण: मुख्य परीक्षा के परिणाम जारी होने के अगले दिन से 5 दिन तक
तीसरा चरण: परिणाम घोषित होने के 7वें दिन से अगले 2 दिन तक बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल अंतिम दिन रात 11:59:59 बजे तक ही खुला रहेगा।
इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कौन दे सकता है सेकेंड बोर्ड परीक्षा?
CBSE ने पात्रता को लेकर साफ दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
छात्र का मुख्य (फरवरी-मार्च) परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है।
कम से कम 3 विषयों में परीक्षा दी हो
पास छात्र अधिकतम 3 विषयों में सुधार कर सकते हैं।
कंपार्टमेंट वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं।
जो छात्र 3 से कम विषयों में शामिल हुए हैं या फेल हो गए हैं।
वे इस परीक्षा के लिए पात्र नहीं होंगे। ऐसे छात्रों को अगले साल मुख्य परीक्षा देनी होगी।
विषय बदलने की अनुमति नहीं:
CBSE ने साफ कर दिया है कि सेकेंड परीक्षा में विषय बदलने की अनुमति नहीं होगी। केवल गणित में कुछ सीमित छूट दी जा सकती है, छात्र के व्यक्तिगत डेटा में कोई बदलाव नहीं होगा। इंटरनल असेसमेंट (Internal Assessment) में सुधार का विकल्प नहीं मिलेगा।
फीस और भुगतान प्रक्रिया
फीस: ₹300 प्रति विषय
विलंब शुल्क: ₹2000 अतिरिक्त
भुगतान माध्यम: केवल ऑनलाइन
क्यों खास है यह फैसला?
CBSE ने यह नीति 25 जून 2025 को घोषित की थी। इसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दबाव से राहत देना और बेहतर प्रदर्शन का अवसर देना है। इस नई व्यवस्था से छात्र बिना एक साल गंवाए अपने अंकों में सुधार कर सकेंगे, जिससे उनके आगे के करियर विकल्प बेहतर बनेंगे। CBSE की सेकेंड बोर्ड परीक्षा 2026 छात्रों के लिए एक बड़ा मौका है। जो छात्र अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, वे इस अवसर का सही उपयोग कर बेहतर अंक हासिल कर सकते हैं। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और दिशा-निर्देशों का पालन करें।