छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक भाजपा नेत्री के साथ करोड़ों की ठगी, ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला नेता ने बताया कि उनकी पहचान वर्ष 2021-22 में फेसबुक के जरिए हुई थी। बाद में सामाजिक कार्यक्रमों में मुलाकात के बाद दोनों के बीच व्यावसायिक संबंध बने।
होटल मीटिंग के बाद शुरू हुआ निवेश का सिलसिला
अगस्त 2024 में बिलासपुर के परसदा स्थित एक होटल में दोनों की पहली व्यापारिक बैठक हुई। आरोपी ने खुद को कंस्ट्रक्शन कारोबारी बताते हुए बड़े व्यापारिक संपर्क होने का दावा किया। महिला नेता के अनुसार, दिसंबर 2024 में आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए उनके खाते में 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक उन्होंने सात किश्तों में कुल 1 करोड़ 57 लाख रुपये निवेश किए।
जॉइंट अकाउंट बनने के बाद बदला व्यवहार
फरवरी 2025 में महिला नेता और आरोपी के बीच जॉइंट वेंचर अकाउंट खोला गया। पहली बड़ी रकम 23 फरवरी 2025 को 25 लाख रुपये के रूप में दी गई। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद संजय सिंह का व्यवहार बदलने लगा। उसने अपनी पत्नी से भी उनकी बात करवाई ताकि पारिवारिक विश्वास कायम किया जा सके।
अश्लील वीडियो भेजकर बढ़ाया दबाव
महिला नेता ने आरोप लगाया कि आरोपी व्हाट्सएप पर भोजपुरी अश्लील वीडियो भेजने लगा। विरोध करने पर वह कहता था कि अब वे परिवार का हिस्सा हैं, इसलिए यह सब सामान्य है। इसके बाद वह लगातार बिलासपुर आने लगा और प्रॉपर्टी निवेश की बातें करता रहा।
बिहार चुनाव के दौरान दी धमकी
पीड़िता ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान आरोपी फोन पर अभद्र व्यवहार करने लगा। दिसंबर 2025 में जब वे आसनसोल जा रही थीं और ट्रेन लेट हो गई, तब आरोपी लगातार फोन करता रहा और होटल के कमरों के वीडियो भेजकर मानसिक दबाव बनाता रहा।
पत्नी पर भी दबाव बनाने का आरोप
महिला नेता के अनुसार, आरोपी की पत्नी भी फोन पर अप्रत्यक्ष दबाव बनाती थी। दोनों का कैनरा बैंक, रांची में जॉइंट अकाउंट था। आरोप है कि 9 अप्रैल 2026 को खाते में आए 1 करोड़ रुपये कुछ ही देर में निकाल लिए गए। पीड़िता ने इसे सुनियोजित ठगी बताया है।
रायपुर से लौटते वक्त दुष्कर्म का आरोप
महिला नेता ने बताया कि 15 सितंबर 2025 को वे रायपुर गई थीं, जहां उन्होंने आरोपी को 22 लाख रुपये नकद दिए। रायपुर से लौटते समय दोनों रास्ते में एक रेस्टोरेंट पर रुके। इसके बाद वे आरोपी की कार में बैठीं। आरोप है कि बिलासपुर पहुंचने से पहले आरोपी ने कार के भीतर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
राजनीतिक छवि खराब करने की दी धमकी
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार धमकी देता रहा। वह कहता था कि अगर मामला किसी को बताया गया तो उनका व्यापार और राजनीतिक छवि दोनों बर्बाद कर देगा। डर और दबाव के कारण वे लंबे समय तक चुप रहीं।
आरोपी का वीडियो भी हुआ वायरल
मामले के सामने आने के बाद आरोपी संजय सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह खुद को निर्दोष बताते हुए दावा कर रहा है कि भाजपा नेत्री ने ही उससे 80 लाख रुपये लिए थे। उसका कहना है कि कोल माइंस दिलाने का झांसा देकर उससे रकम ली गई।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने आरोपी को रांची से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल चैट और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है।