Luxurious old Age Home : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुजुर्गों के लिए एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पत्रकार कॉलोनी, लिंक रोड नंबर-3 पर बने प्रदेश के पहले सशुल्क लग्जरी वृद्धाश्रम ‘संध्या-छाया’ का लोकार्पण किया।
घर जैसा सुकून, होटल जैसी सुविधाएं
‘संध्या-छाया’ को प्रदेश का पहला ऐसा वृद्धाश्रम बताया जा रहा है, जहां बुजुर्गों को घर जैसा माहौल और होटल जैसी लग्जरी सुविधाएं मिलेंगी। यह पूरी तरह पेड ओल्ड एज होम है, जिसमें रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, भोजन, सुरक्षा और मनोरंजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
5 एकड़ में फैला परिसर
यह वृद्धाश्रम करीब 5 एकड़ में बनाया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया यह परिसर आधुनिक डिजाइन और सुविधाओं से लैस है, जो देखने में किसी लग्जरी होटल से कम नहीं लगता।
56 बुजुर्गों के ठहरने की व्यवस्था
वृद्धाश्रम में कुल 56 नागरिकों के रहने की सुविधा है। सभी कमरों को आराम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
कमरों का विवरण
सिंगल रूम (12): एसी, फ्रिज, माइक्रोवेव, ड्राई किचन, अटैच्ड बाथरूम, बालकनी और इमरजेंसी अलार्म
डबल रूम (22): दंपति या दो बुजुर्गों के लिए, सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ
कितना देना होगा किराया?
सिंगल रूम: 49,500 रूपए प्रति माह
डबल रूम: 82,000 रूपए प्रति माह (41,000 रूपए प्रति व्यक्ति)
इसके अतिरिक्त, प्रवेश के समय 1 लाख की सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी, जो आश्रम छोड़ते समय वापस कर दी जाएगी।
24x7 स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
बुजुर्गों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यहां चौबीसों घंटे मेडिकल सुविधा दी गई है। हर सप्ताह डॉक्टर का विजिट होगा। वृद्धाश्रम में तीन शिफ्ट में नर्सिंग स्टाफ की तैनाती रहेगी। फिजियोथेरेपी, योग थेरेपी, डायटीशियन और काउंसलर की सुविधा रहेगी। नियमित स्वास्थ्य जांच नि:शुल्क रहेगा। आपात स्थिति में अस्पताल रेफर की व्यवस्था रहेगी, लेकिन इलाज का खर्च परिजनों को उठाने पड़ेगा।
संतुलित भोजन व्यवस्था
बुजुर्गों की उम्र और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पोषणयुक्त भोजन की व्यवस्था की गई है। तय समय पर नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम का नाश्ता और रात्रि भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इमरजेंसी के लिए अतिरिक्त खाद्य सामग्री भी रहेगी।
कौन ले सकता है सुविधा?
उम्र 60 वर्ष या उससे अधिक
मानसिक और शारीरिक रूप से सक्षम
प्रवेश से पहले मेडिकल जांच अनिवार्य
पूर्व बीमारी की जानकारी देना आवश्यक
यह सुविधा उन एनआरआई बुजुर्गों के लिए भी उपलब्ध है, जो कुछ महीनों के लिए भारत आते हैं।
ठहराव की अवधि
न्यूनतम अवधि: 1 माह
अधिकतम अवधि: कोई सीमा नहीं
परिजनों से मिलने की सुविधा
बुजुर्गों को अपने परिवारजनों से मिलने की पूरी स्वतंत्रता होगी। लाउंज एरिया में मुलाकात की अनुमति दी जाएगी। जन्मदिन और वर्षगांठ जैसे आयोजनों की सुविधा रहेगी। रात्रि प्रवास की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सेवा भारती को संचालन की जिम्मेदारी
इस वृद्धाश्रम का संचालन सेवा भारती द्वारा किया जाएगा, जो आरएसएस से जुड़ा सामाजिक संगठन है। सेवा भारती पहले से प्रदेश में कई नि:शुल्क वृद्धाश्रम संचालित कर रही है। ‘संध्या-छाया’ उनका पहला सशुल्क प्रोजेक्ट है। मासिक शुल्क सेवा भारती को मिलेगा, जबकि सिक्योरिटी राशि राज्य सरकार के पास रहेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे
दिन और रात के लिए अलग-अलग सुरक्षा गार्ड
हर कमरे में इमरजेंसी अलार्म सिस्टम
परिसर की प्रमुख सुविधाएं
प्रशासनिक भवन
दो रिहायशी ब्लॉक
55 लोगों की क्षमता वाला डाइनिंग हॉल
हरियाली से घिरा लॉन और म्यूजिकल फाउंटेन