मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नूराबाद थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने कथित तौर पर नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि दोनों ने घटना से पहले मंदिर में शादी की और फिर एक-दूसरे के हाथ बांधकर पुल से नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान भूपेंद्र धाकड़ (27) निवासी कैलारस के रूप में हुई है, जबकि युवती राधा चौबे दतिया की रहने वाली थी। दोनों के शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
मंदिर में की शादी, फिर पहुंचे पुल पर
स्थानीय लोगों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, आत्मघाती कदम उठाने से पहले दोनों नूराबाद स्थित एक मंदिर पहुंचे थे। यहां उन्होंने भगवान को साक्षी मानकर विवाह जैसी रस्में निभाईं। बताया जा रहा है कि युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भी भरा। काफी देर तक मंदिर में रहने के बाद दोनों अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से पुराने पुल तक पहुंचे। वहां वाहन खड़ा करने के बाद वे नए पुल की ओर गए और एक कपड़े से अपने हाथ बांधकर साक नदी में छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को दी सूचना
घटना को देख रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। बाद में एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव बरामद किए।
वायरल वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
घटना से पहले बनाए गए एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। वीडियो में युवक भूपेंद्र धाकड़ ने अपनी आत्महत्या के लिए परिवार के कुछ सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया है। बताया जा रहा है कि युवक ने दावा किया कि उसके घर से सोने के आभूषण चोरी होने के मामले में उस पर झूठे आरोप लगाए गए थे। उसने अपनी पत्नी, पिता और भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने का फैसला किया। हालांकि वीडियो में किए गए दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इसकी सत्यता की जांच कर रही है।
युवक पहले से था शादीशुदा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, भूपेंद्र धाकड़ पहले से विवाहित था। इसी कारण दोनों के संबंधों को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। पुलिस अब इस पहलू समेत अन्य सभी बिंदुओं की जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और वायरल वीडियो की भी फॉरेंसिक एवं तकनीकी जांच कराई जा सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो पाएंगी।