पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एलपीजी गैस के भंडारण और वितरण व्यवस्था में नियमों की अनदेखी के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने गौरेला स्थित मेसर्स सियाराम गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्टॉक और जरूरी पंजी के रखरखाव समेत कई अनियमितताएं सामने आने के बाद 471 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए।
433 घरेलू और 38 व्यावसायिक सिलेंडर जब्त
खाद्य विभाग की कार्रवाई में 14.2 किलोग्राम क्षमता वाले 433 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इनमें 87 खाली और 346 भरे हुए सिलेंडर शामिल हैं। इसी तरह 19 किलोग्राम क्षमता वाले 38 व्यावसायिक सिलेंडर भी जब्त किए गए। इनमें 36 खाली और 2 भरे हुए सिलेंडर थे। इस तरह विभाग ने कुल 471 सिलेंडरों को कार्रवाई के तहत जब्त किया।
स्टॉक बोर्ड और जरूरी रजिस्टर नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम को गोदाम में कई स्तर पर नियमों की अनदेखी मिली। एजेंसी परिसर में मुख्य बोर्ड और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाया गया। इसके अलावा आवक-जावक पंजी और स्टॉक पंजी का भी विधिवत संधारण नहीं किया जा रहा था। जांच में मूल्य-स्टॉक बोर्ड भी प्रदर्शित नहीं मिला। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश, 2000 के प्रावधानों के तहत सिलेंडरों की जब्ती की कार्रवाई की।
लगातार शिकायतों के बाद हुआ औचक निरीक्षण
जिला खाद्य अधिकारी श्वेता अग्रवाल के मुताबिक, सियाराम गैस एजेंसी को लेकर विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य विभाग की टीम ने गोदाम का औचक निरीक्षण किया। अधिकारी ने बताया कि एजेंसी के गोदाम की इससे पहले भी जांच की जा चुकी है। पिछली जांच में भी अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद एजेंसी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
उपभोक्ताओं के हित में निगरानी जारी
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है।