इंदौर तलवारबाजी : मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में माता अहिल्या के 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में, नेहरू स्टेडियम का मंच एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है।मातृशक्ति के सम्मान में और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हजारों साहसी महिलाओं का एक साथ एक स्थान पर सामूहिक तलवारबाजी प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन, जिसे "शौर्य वीरा’ नाम दिया गया है, एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास है।
5 हजार महिलाएं होंगी शामिल
कार्यक्रम का आयोजन अनमोल मुस्कान वेलफेयर सोसाइटी, मुस्कान भारतीय और पहलवान राकेश यादव द्वारा किया गया है। आयोजन में करीब 5000 से अधिक महिलाएं सामूहिक तलवारबाजी का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के मुखिया मोहन यादव खुद मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सरकार के कद्दावर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रसिद्ध अभिनेत्री जया प्रदा भी मौजूद रहेंगी।
क्या बोले सीएम मोहन
आयोजन को लेकर सीएम मोहन यादव ने कहा कि, यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी शक्ति, साहस और आत्मरक्षा का अद्वितीय प्रदर्शन है। मातृशक्ति की शक्ति और सम्मान के प्रति यह समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। इस ऐतिहासिक अवसर पर इंदौर में मौजूद सभी साहसी महिलाओं को मैं सलाम करता हूं।
आयोजक मुस्कान भारतीय का कहना है कि यह प्रदर्शन केवल महिलाओं की वीरता का प्रतीक नहीं है, बल्कि समाज में आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना को भी प्रोत्साहित करता है। हम चाहते हैं कि समाज में हर महिला सुरक्षित और आत्मनिर्भर बने। वहीं, आयोजक पहलवान राकेश यादव ने इंदौर के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि, हमारी यह पहल मातृशक्ति के सम्मान और साहस के प्रति समर्पित है। हम सभी इंदौरवासियों से अनुरोध करते हैं कि इस वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रदर्शन का हिस्सा बनें और इसे गौरवशाली बनाएं
पूरे देश में गूंजेगा संदेश
आयोजन और 9 नवंबर को शाम 3:30 बजे नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस सामूहिक प्रदर्शन के जरिए महिलताओं की ताकत और जज्बा इतिहास बनेगा। वहीं नारी सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश पूरे देश में गूंजेगा। आयोजनकर्ता ने सभी इंदौर वासियों से अपील की है कि, वे महिलताओं के इस अद्भुत प्रदर्शन में जरूर शामिल हो।