रायपुर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद पर छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के डीजीपी, एडीजीपी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रायपुर में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा, पिछले डेढ़ साल में विष्णुदेव की सरकार और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि उन्होंने एक रुके हुए नक्सलविरोधी अभियान को द्रुत गति से चलाया और राज्य को नक्सलवाद से मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़े हैं। उन्होंने सीमावर्ती राज्यों के डीजीपी से कहा, यहां से नक्सली भाग कर सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षित ठिकाना तलाश रहे हैं। अतः वहां भी निगरानी रखी जाए। छत्तीसगढ़ से अगर नक्सली भागकर जाएं तो दूसरे राज्यों में उन्हें ठिकाना न बनाने दिया जाए।
बारिश के मौसम में नक्सलियों की उड़ेगी नींद:
उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विजय शर्मा ने नक्सल विरोधी अभियानों को न सिर्फ धार दी, बल्कि समय-समय पर इस अभियान का मार्गदर्शन किया, सुरक्षाबलों का हौंसला भी बढ़ाया और संपूर्णता के साथ इस लड़ाई में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक देश नक्सलवाद से पूरी तरह से मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह से हमारे सुरक्षाबलों ने पराक्रम दिखाया है और सूचना एजेंसियों ने सटीक रणनीति बनाई है, उसके आधार पर हम इस लक्ष्य को अवश्य प्राप्त कर लेंगे। उन्होंने कहा, हर वर्ष बारिश के मौसम में हमारे सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी रहेगा। नक्सली इस बरसात में चैन की नींद नहीं सो पाएँगे।
नक्सलियों से जो वायदा किया है, उसे पूरा किया जाएगा:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरकार ने सरेंडर करने वाले नक्सलियों से जो वायदा किया है, उसे पूरा किया जाएगा और उससे अधिक सहायता करने का प्रयास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किया स्वागत:
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धर्मलाल कौशिक, किरण देव, अमर अग्रवाल, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी दयानंद, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह उपस्थित थे।