रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम तात्यापारा मंडल और जवाहर नगर मंडल के अंतर्गत आने वाले वार्ड की पार्षद जोन 7 की अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया है। इस कार्यक्रम में ज्ञानाश्रय नर्सरी स्कूल के नन्हे-मुन्ने और बढ़ई पारा के शासकीय उच्चतर महाविद्यालय के सैकड़ों बच्चे उनके अभिभावक, गणमान्य लोग और स्थानीय वार्ड वासी शामिल हुए।
यहां से शुरु हुई यात्रा:
बढ़ई पारा स्थित हनुमान मंदिर से तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई हैं। जहां सबसे पहले पंक्तिबद्ध होकर बच्चों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और 'वंदे मातरम' और जोरदार 'भारत माता की जय' के नारों से माहौल को देशभक्ति रंग में रंग दिया। यह यात्रा हनुमान मंदिर से हांडी पारा, विश्वकर्मा चौक, तात्यापारा चौक, ललिता चौक, आजाद चौकसे होते हुए दुलार धर्मशाला बढ़ई पारा में समाप्त की गई। जहां पर तालियों और फूल-मालाओं से स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से लेंगे प्रेरणा:
इस दौरान बच्चे हाथों में तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति गीत बजते रहे और पूरे उत्साह और जोश से चल रहे थे। इस तिरंगा यात्रा में सभी विद्यालय के शिक्षक, प्राचार्य और शिक्षिकागण शामिल हुए। इस अवसर पर जवाहर नगर मंडल के अध्यक्ष संदीप जंघेल ने कहा कि, स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेने और अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना है। इस क्षेत्र के लोगों से हम अपील करते है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा और स्वच्छ भारत अभियान को हम सबको मिल कर सफल बनाने की जरूरत है।
तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में रहे शामिल:
हर घर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में जिला महामंत्री सत्यम दुआ, जवाहर नगर मंडल के अध्यक्ष संदीप जघेल, तात्यापारा मंडल के अध्यक्ष चैतन्य टावरी, जोन 7 अध्यक्ष, तात्यापारा वार्ड की पार्षद श्वेता विश्वकर्मा, आत्मानंद वार्ड के पार्षद आनंद अग्रवाल, उपाध्यक्ष असगर अली, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश पांडे, महिला मंडल से शैलेन्द्री परगनिया, पूनम सोनी, गीता रेड्डी, ममता साहू, अरविंद कुर्रे, उमेश यादव, प्रणीत जैन मडिया प्रभारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा जिला मंडल, महिला मंडल के साथ वार्ड वासी और अभिभावक मौजूद रहे।