मैहर। मध्यप्रदेश शासन के "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के तहत मैहर के संदीपनी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।
"नशे को कहो ना... सपनों को कहो हां"
मध्यप्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मैहर पुलिस ने सामाजिक न्याय एवं शिक्षा विभाग के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राधा सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।
नशा पूरे परिवार - समाज को बर्बाद करता है
छात्रों में जागरूगता फैलते हुए पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। उन्होंने युवाओं से नशे को पहली बार ही "ना" कहने और अपने सपनों को जीवन का लक्ष्य बनाने की अपील की।
गलत संगति और नशे से दूर रहे
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि माता-पिता बच्चों के भविष्य के लिए हर संघर्ष करते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को गलत संगति और नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए।
शिक्षा, मेहनत, सफलता का नशा करों
वहीं प्रभारी मंत्री राधा सिंह ने कहा कि जीवन में यदि किसी चीज़ का नशा करना है तो वह शिक्षा, मेहनत, सफलता और अपने सपनों का होना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।