कटनी : कटनी जिले के सरस्वाही स्थित शासकीय कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास में भोजन करने के बाद सात छात्राओं और प्राचार्य की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है। घटना शनिवार दोपहर की है। जिसकी जानकारी सामने आने के बाद छात्रावास प्रशासन में हड़कप मच गया है।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ छात्राओं की तबियत शुक्रवार देर शाम से ही ख़राब थी। शनिवार सुबह जब छात्राएं स्कूल पहुंची तो उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। ऐसे में सभी छात्रों को बिना समय गवाएं जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां सभी का इलाज जारी है।
कुछ छात्राओं को आईसीयू में किया गया भर्ती
डॉक्टर ने गंभीर स्थिति को देखते हुए कुछ छात्राओं को आईसीयू में भर्ती किया है। वही मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वही इस मामले के सामने आने के बाद कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास सवाल के घेरे में आ गया है। जिन छात्रों को इलाज जारी है उनका नाम वसुंधरा सिंह, खुशबू, दिव्या, शबनम और पायल है।
बीमार छात्रा के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लगाया गंभीर आरोप
इधर, बीमार छात्रा वसुंधरा सिंह टेकाम के पिता अरविंद सिंह टेकाम ने स्कूल प्रबंधन और वहां की व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी 11वीं कक्षा में पढ़ती है और इसी परिसर के हॉस्टल में रहती है। अरविंद सिंह ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में पिछले कई दिनों से बच्चों को बेहद घटिया और खराब क्वालिटी का खाना परोसा जा रहा है। बार-बार की जा रही इसी लापरवाही की वजह से आज बच्चों की यह हालत हुई है।
तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता लगाया जा रहा
फिलहाल छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि भोजन के बाद यह समस्या सामने आई, हालांकि वास्तविक कारण मेडिकल जांच और प्रशासनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।