रायपुर : राजधानी रायपुर में महिला से छेड़छाड़ करने का बड़ा मामला सामने आया है। यह छेड़खानी किसी आम महिला या आम रास्ते में नहीं, बल्कि एक महिला पुलिस कर्मी से थाने के अंदर एक एएसआई द्वारा की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी एएसआई पिछले कई दिनों से महिला आरक्षक से किसी न किसी बहाने से छेड़छाड़ का प्रयास करता था, जिसका कई बार महिला आरक्षक ने विरोध भी किया था, लेकिन इस बार एएसआई ने अपनी सीमा लांघते हुए महिला आरक्षक का जबरदस्ती हाथ पकड़कर छेड़खानी की। इसकी शिकायत महिला आरक्षक ने उच्च अधिकारियों से की, जिसके बाद इस मामले में आरोपी एएसआई के विरुद्ध छेड़छाड़ करने का अपराध दर्ज किया गया है।
महिला आरक्षक से की छेड़खानी :
सूत्रों के अनुसार होली के दूसरे दिन आरोपी एएसआई थाने में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान महिला आरक्षक भी ड्यूटी करने पहुंची थी। इसी दौरान एएसआई ने रंग लगाने के बहाने उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला आरक्षक ने इसका विरोध करते हुए थाने से बाहर निकलकर इसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर इस मामले में एएसआई के विरुद्ध धारा 74 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी एएसआई सोबंत सिंह रावत कोतवाली सीएसपी आफिस में रीडर पदस्थ है।
महिला की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज :
इस ऑफिस में महिला आरक्षक भी पदस्थ है। बताया जा रहा है कि महिला आरक्षक जब से यहां पदस्थ है, तब से सोबत सिंह उसे उसके पीछे पड़ा हुआ था तथा किसी न किसी बहाने से छेड़छाड़ का प्रयास किया करता था। सोबंत सिंह महिला आरक्षक से सीनियर है। इसके कारण महिला आरक्षक कुछ दिनों तक चुप रही, लेकिन जब बार-बार वह उसे परेशान करने लगा, तो उसने थाने में पदस्थ आला अफसरों को भी इसकी जानकारी दी थी, लेकिन इस मामले में किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। इस कारण उसके हौसले और बढ़ते गए। जांच की जा रही महिला की शिकायत पर एसआई के विरुद्ध छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।