होली के उल्लास के बीच छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई।
बिरकोना के पास नेशनल हाईवे-30 पर घटना
यह हादसा नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर बिरकोना के पास हुआ। मृतक की पहचान अमर दीवान के रूप में हुई है, जो रायपुर में पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि अमर अपनी बहन के साथ होली मनाने रायपुर से अपने गांव बोड़तरा लौट रहा था।
रास्ते में तेज गति से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमर दीवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बहन की हालत नाजुक
हादसे में घायल हुई युवती को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
चालक मौके से फरार, जांच जारी
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। फरार चालक और वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
परिजनों में शोक की लहर
होली के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।