छत्तीसगढ़ में मौसम अब गर्मी की ओर रुख कर चुका है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। हालांकि इसके बाद चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है। वर्तमान में प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बीते 24 घंटे: कहीं नहीं हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान प्रदेश में वर्षा का एक भी आंकड़ा दर्ज नहीं हुआ।
द्रोणिका बनी, लेकिन असर नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर ओडिशा से दक्षिण छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। हालांकि इस मौसमी प्रणाली का प्रदेश के तापमान या मौसम में तत्काल कोई बड़ा प्रभाव नहीं देखा जा रहा है।
आज का पूर्वानुमान
आज भी प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।