विदिशा : मध्य प्रदेश के विदिशा में सड़क हादसे का शिकार होने के चलते 2 लोगों की दुखद मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। हादसा विदिशा के कुरवाई थाना क्षेत्र में बीना रोड पर हुआ। जिसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
मूंग की फसल काटने जा रहे थे सभी
दरसअल, सभी मजदूर मलियाखेड़ा गांव के बीच मूंग की फसल काटने जा रहे थे। इस दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसकी वजह से हादसे में 55 वर्षीय स्थानीय किसान ऋषभ साहू उर्फ ऋषि और उमरिया निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। जिनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 22 लोग थे सवार
इधर, हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। सभी लोग खेतों में मूंग की फसल की कटाई के लिए जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।