Satpura Tiger Reserve: नर्मदापुरम जिले के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मटकुली रेंज के नयाखेड़ा क्षेत्र से चार महीने के टाइगर शावक का शव बरामद हुआ है। बीते नौ महीनों में यह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में टाइगर की मौत का पांचवां मामला है, जिसने वन विभाग के अधिकारियों को गंभीर चिंता में डाल दिया है।
शावक का मिला शव
जानकारी के अनुसार, नयाखेड़ा बीट के कक्ष क्रमांक 460 में तैनात फॉरेस्ट गार्ड ने दो बाघों के बीच संघर्ष की आवाजें सुनीं। तेज दहाड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर गश्त की, और रात के अंधेरे में शावक मृत अवस्था में पाया गया।
मिले चोटों के निशान
घटनास्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों और NTCA के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा ने बताया कि शावक के शरीर पर गंभीर चोटों और घावों के निशान मिले हैं। वहीं, मौके पर नर और मादा बाघ दोनों के पदचिह्न भी देखे गए हैं। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि शावक की मौत किसी वयस्क बाघ के हमले के कारण हुई है। टाइगर शावक का पंचनामा तैयार किया गया और डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार भी अधिकारियों की मौजूदगी में किया। लगातार हो रही टाइगर मौतों ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच जारी है।