भोपाल : मध्य प्रदेश सहित देशभर में आज भाजपा का 47 स्थापना दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान सीएम मोहन और हेमंत खंडेलवाल ने जनता को संबोधित कर बीजेपी की उपलब्धि गिनवाई। साथ ही 17 जिलों में BJP के नए कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान पार्टी के दिग्गज नेता मौके पर मौजूद रहे।
बीजेपी कार्यालय किराए पर चल रहे हैं
दरअसल, प्रदेश का अधिकतर बीजेपी कार्यालय किराए पर चल रहे हैं । जिसको देखते हुए पार्टी ने खुद का ऑफिस खोलने का फैसला और इसी के चलते आज स्थापना दिवस के अवसर पर 17 जिलों में BJP के नए कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया। जिसके लिए पार्टी ने करीब 40 करोड़ रुपए का बजट तय किया है।
एक कार्यालय 1.5 से 2.5 करोड़ रुपए में होगा तैयार
इस हिसाब से एक कार्यालय को बनाने में 1.5 से 2.5 करोड़ रुपए तक का खर्च आएगा। इतना ही नहीं छोटे जिलों के कार्यालय 8 से 10 हजार वर्गफीट में तैयार किये जायेंगे। जबकि बड़े जिलों में कार्यालय 12 हजार फीट तक में बनेंगे। जिनमे सभी तरह की सुविधाएं दी जाएगी।
यहां खुलेगा बीजेपी का नया कार्यालय
भाजपा का नया कार्यालय अनूपपुर, रतलाम, नीमच, मैहर, भिंड, निवाड़ी, धार ग्रामीण,ग्वालियर, इंदौर ग्रामीण, अशोकनगर, आगर-मालवा, सीहोर, सीधी, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, मंदसौर और मऊगंज जिलों में बनेगा। जिसके लिए जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी है। इतना ही नही इन कार्यालयों का निर्माण अगले वर्ष 6 अप्रैल तक पूर्ण कर लोकार्पण किया जाएगा।
7 से 12 अप्रैल तक चलेगा गांव चलो बस्ती चलो' अभियान
इसके साथ ही कल से 'गांव चलो बस्ती चलो' अभियान की शुरुआत होने जा रही हैं। जिसको लेकर पार्टी ने तैयारी भी पूरी कर ली हैं। दरअसल, प्रदेश के सभी मंत्री, विधायक और सांसद चयनित 50 गांवों में जाकर पार्टी की उपलब्धि बताएँगे और छवि को मजबूत करने की कोशिश करेंगे। अभियान का आयोजन 7 से 12 अप्रैल तक किया गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर होंगे स्वच्छता कार्यक्रम
अभियान के दौरान गांवों के सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें पार्टी के बड़े नेता स्वयं झाड़ू थामकर श्रमदान करेंगे। इसके बाद चौपालों पर केंद्र की मोदी सरकार और एनडीए शासित प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। जिसमें सांसद, विधायक, महापौर और नगर पालिका अध्यक्षों से लेकर पार्टी के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से मैदान में उतरने के निर्देश दिए गए हैं।